फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एटीएम में कैश नहीं, लौटे 50 हजार उपभोक्ता

Sat, 26 Nov 2016 11:41 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
पटेलनगर में बंद पड़ा एसबीआई का एटीएम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नोटबंदी के बाद शनिवार को बैंकों में अवकाश के बीच 95 प्रतिशत एटीएम ठप पड़ गए। उपभोक्ताओं को उम्मीद थी कि एटीएम से तो धन-निकासी हो ही जाएगी। यह बात अलग है कि पिछले दिनों जिन बैंकों के एटीएम चल भी रहे थे, उनके भी शटर शनिवार को नहीं खुल सके। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक लगभग 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को निराश होकर एटीएम से लौटना पड़ा।
विज्ञापन


किसी के पास दवा के लिए पैसे नहीं, तो किसी के सामने वैवाहिक आयोजन में शरीक होने के लिए धन का अभाव। जिन्हें जरूरी काम से बाहर जाना था उनमें से कई लोगों को धनाभाव के चलते यात्रा निरस्त करनी पड़ी। ऐसे में नाराज उपभोक्ताओं ने कहा कि नोटबंदी करने से पहले समुचित व्यवस्था पहले ही कर  लेनी चाहिए थी। नोटबंदी के बाद बैंकों व एटीएम में कैश की कमी दूर होने का नाम नहीं ले रही है।

शनिवार को यह समस्या उस समय और भी व्यापक हो गई, जब बैंकों में अवकाश के बीच एटीएम सेवा भी पूरी तरह जवाब दे गई। चौथे शनिवार को बैंकों में अवकाश की जानकारी अभी भी ज्यादातर उपभोक्ताओं को नहीं है। ऐसे में जिला मुख्यालय व ग्रामीण क्षेत्र की विभिन्न बैंक शाखाओं में उपभोक्ता धन-निकासी के लिए पहुंचे तो वहां ताला लटकता देख सन्न रह गए।
विज्ञापन


उपभोक्ताओं को अवकाश की जानकारी हुई तो उन्होंने एटीएम का रुख करना शुरू किया। यह बात अलग कि 95 प्रतिशत से अधिक एटीएम के ताले भी सुबह से खुल नहीं पाए। लगभग सवा सौ एटीएम वाले इस जिले में मुश्किल से छह एटीएम ही धन-निकासी कर सके। नतीजतन ज्यादातर एटीएम तक पहुंचने वाले 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को निराश होकर वापस होना पड़ा।

 जिले में यह हालत इसलिए उत्पन्न हुई क्योंकि शनिवार व रविवार के अवकाश को देखते हुए भी एटीएम में कैश उपलब्ध करवाने को लेकर बैंक प्रबंधन उदासीन नजर आए। हालांकि बैंक प्रबंधनों का रोना यह कि उन्हें जितनी रकम की जरूरत है, उतना उपलब्ध ही नहीं हो रही है।

कैश के टोटे के चलते हालत यह रही कि जिला मुख्यालय पर भारतीय स्टेट बैंक के सात एटीएम में से सिर्फ एक मुख्य शाखा के निकट वाला एटीएम ही चल सका। मुख्यालय पर ही एचडीएफसी की मुख्य शाखा पर लगा व फैजाबाद रोड पर लगा एटीएम ही धन-निकासी कर पाया। जबकि इस बैंक का जो एटीएम पटेलनगर में लगा है, वह बंद रहा।

इसके अलावा एक्सिस, कारपोरेशन, इंडियन बैंक, ओरियंटल, बैंक ऑफ इंडिया, पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा, यूनियन बैंक व पंजाब एवं सिंधु बैंक के एटीएम भी पूरे दिन ठप पड़े रहे। जिला मुख्यालय पर इक्का-दुक्का एटीएम की लाइन में लगे लोगों को उम्मीद थी कि आवश्यकतानुसार न सही, कुछ तो धनराशि मिल ही जाएगी।

हालांकि उनकी उम्मीदों को उस समय तगड़ा झटका लगा जब कुछ ही देर में कैश समाप्त  हो गया। इससे लाइन में लगे कई लोगों को बिना धन निकाले ही मायूस होकर लौटना पड़ा। अकबरपुर-फैजाबाद मार्ग स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से मायूस होकर लौटे बेवाना के रामतीरथ ने कहा कि उनकी मां बीमार हैं। इलाज के लिए पैसे नहीं है।

दो दिन से एटीएम व बैंक का चक्कर लगा रहा है लेकिन धनराशि नहीं मिल पा रही है। उधार भी नहीं मिल रहा है। अकबरपुर के सरफराज ने कहा कि उन्हें परिवार के साथ जरूरी काम से शनिवार शाम लखनऊ जाना है। पर्याप्त धनराशि नहीं है। एटीएम से भी नहीं निकल सका। अब यात्रा निरस्त  करनी पड़ेगी। शहजादपुर के सुनील ने कहा कि उसे वैवाहिक आयोजन में भाग लेने के लिए कानपुर जाना है।

आवश्यक धनराशि नहीं है। एटीएम जवाब दे गया। समझ में नहीं आ रहा है कि क्या करें। जमुनीपुर के किसान रामफेर ने कहा कि रबी की फसल की बोआई करनी है। धनराशि निकल नहीं पा रही है। यदि समय पर बोआई नहीं हुई तो नुकसान उठाना पड़ेगा।

जलालपुर प्रतिनिधि ने बताया कि शनिवार को तहसील मुख्यालय पर लगा बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक, महाराष्ट्रा बैंक, सेंट्रल बैंक, एसबीआई, एचडीएफसी व पीएनबी के एटीएम पूरे दिन धन-निकासी नहीं कर पाए।

बीओबी का पट्टी बाजार में लगा एटीएम भी दिन भर ठप पड़ा रहा। आलापुर प्रतिनिधि के मुताबिक एसबीआई आलापुर, बीओबी रामनगर, ढोलबजवा व जहांगीरगंज, यूनियन बैंक जहांगीरगंज व रामनगर महुवारी में लगा एटीएम भी नहीं चल सका। भीटी प्रतिनिधि के अनुसार बैंक ऑफ बड़ौदा का भीटी बाजार में लगा एटीएम न चलने से उपभोक्ता पूरे दिन परेशान रहे।

एलडीएम अरुण कुमार सिंह ने बताया कि एटीएम सेवा बहाल करने के लिए उच्चस्तरीय वार्ता चल रही है। कैश की कमी होने के चलते सभी एटीएम का समुचित लाभ उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा है। शीघ्र ही सेवा में सुधार होने की संभावना है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें