अंबेडकरनगर। जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों के लिए चार फरवरी से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। हालांकि पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। संभावना है कि पांच फरवरी को बसपा के कुछ प्रत्याशी तो आठ फरवरी को सपा के सभी प्रत्याशी नामांकन कर सकते हैं। इस बीच शुक्रवार को पहले दिन 101 नामांकन पत्र खरीदे गए।
जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों के लिए तीन मार्च को मतदान होना है। इसके लिए चार फरवरी से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। 11 फरवरी तक चलने वाली नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। हालांकि नामांकन पत्र जरूर खरीदे गए। अकबरपुर आरओ के अनुसार कुल 29 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इसमें सपा के लिए मंशाराम राजभर ने तीन सेट, आम आदमी पार्टी के लिए मूलचंद जायसवाल ने एक सेट, बहुजन समाज पार्टी के लिए राजेश कुमार पाण्डेय ने चार सेट, बहुजन मुक्ति पार्टी के लिए जितेंद्र कुमार ने दो सेट, राष्ट्रीय डेमोक्रेटिक फ्रंट के लिए एक सेट, वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के लिए एक सेट, भाजपा के लिए रामशबद यादव ने तीन सेट, सर्वजन आवाज पार्टी के लिए एक सेट, भारतीय जनता पार्टी के लिए श्रीश कुमार मिश्र ने दो सेट व छह निर्दलीय प्रत्याशियों के लिए 11 नामांकन पत्र खरीदे गए।
आलापुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 14 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इसमें बहुजन समाज पार्टी के लिए केसरा देवी गौतम ने चार सेट, सपा के लिए त्रिभुवनदत्त ने तीन सेट, वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के लिए एक सेट, वीआईपी पार्टी के लिए एक सेट, आजाद समाज पार्टी के लिए एक सेट, जन अधिकार पार्टी के लिए दो सेट व निर्दलीय प्रत्याशियों के लिए दो सेट खरीदे गए। जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 13 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इसमें सपा के लिए अरविंद तिवारी ने चार सेट, भारतीय जनता पार्टी के लिए उमाकांत राय ने तीन सेट, आम आदमी पार्टी के लिए राजेंद्र कुमार ने दो सेट, वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के लिए उपेंद्रनाथ ने एक सेट, निर्दल प्रत्याशियों के लिए तीन सेट नामांकन पत्र खरीदे गए।
कटेहरी में सपा के लिए अनिरुद्ध कुमार वर्मा ने चार सेट, भाजपा के लिए अरविंद श्रीवास्तव ने तीन तीन सेट, बसपा के लिए बृजेंद्र वीर सिंह ने चार सेट, बहुजन मुक्ति पार्टी के लिए ओमवीर वर्मा ने दो सेट, आजाद समाज पार्टी के अशोक कुमार सेन ने तीन सेट, निर्दल के लिए ओमवीर वर्मा ने एक सेट, सर्वजन आवाज पार्टी के लिए अशोक कुमार तथा मौलिक अधिकार पार्टी के लिए रघुपति ने एक-एक सेट नामांकन पत्र खरीदे। टांडा में बहुजन मुक्ति पार्टी के लिए जावेद सिद्दीकी ने तीन सेट, पीस पार्टी के लिए मुनीर अहमद ने दो सेट, सपा के लिए हरिकेश ने चार सेट, बसपा के लिए हेलाल अशरफ ने तीन सेट, आम आदमी पार्टी के लिए राकेश वर्मा ने दो सेट में नामांकन पत्र खरीदे। इस तरह कटेहरी में 19, टांडा में 26, अकबरपुर में 29, आलापुर में 14 तथा जलालपुर में 13 सेट नामांकन पत्र खरीदे गए।
आज हो सकती है शुरुआत
खबर है कि शनिवार को कुछ बसपा प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। इसी प्रकार समाजवादी पार्टी के सभी पांच प्रत्याशी इस बार एक साथ नामांकन करने की तैयारी में हैं। संभावना है कि आठ फरवरी को सभी प्रत्याशी कलेक्ट्रेट पहुुंचकर नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसके अलावा भाजपा व आम आदमी पार्टी के भी कुछ प्रत्याशी शनिवार या फिर सोमवार को नामांकन कर सकते हैं। नामांकन करने से पहले जरूरी कागजात तैयार किए जाने का कार्य शुक्रवार को तेजी से चलता रहा।
कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के कड़े प्रबंध
कलेक्ट्रेट में हालांकि शुक्रवार को नामांकन नहीं हुआ, लेकिन कलेक्ट्रेट व आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के अत्यंत कड़े इंतजाम रहे। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने नामांकन शुरू होने से पहले व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद कमान एएसपी संजय कुमार राय ने संभाल ली। कड़ी सुरक्षा के बीच ही गेट नंबर तीन से लोगों को प्रवेश दिया जा रहा था। यहां सीओ टांडा संतोष कुमार दलबल के साथ डटे हुए थे। कलेक्ट्रेट के अंदर चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मियों की तैनाती थी। नामांकन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मार्ग डायवर्जन भी कर रखा था।