अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शुक्लहिया गांव के पास शारदा सहायक नहर में दोस्तों के साथ नहाते समय डूबे युवक का शव सोमवार तड़के करीब 9 किलोमीटर दूर अरियाबाजार के पास उतराता मिला। कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव मिलने की सूचना पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राममूर्ति वर्मा व पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल मिश्र भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर दुख जाहिर करते हुए परिवारीजनों को ढांढस बंधाया।
अकबरपुर नगर के शहजादपुर मोहल्ला निवासी हसनैन (18) रविवार को दोपहर बाद अपने दोस्तों के साथ शारदा सहायक नहर में नहाने के लिए गया था। बताया जाता है कि शुक्लहिया गांव के निकट नहर में नहाते समय हसनैन अचानक पानी के तेज बहाव में बह गया और डूब गया। साथ नहा रहे युवकों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। दोस्तों ने हसनैन के डूबने की सूचना परिवारीजनों को देने के साथ ही अकबरपुर कोतवाली पुलिस को दी।
जानकारी होते ही परिवारीजन व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की गई, परंतु देर रात तक हसनैन का कुछ पता नहीं चल सका। सोमवार तड़के घटनास्थल से करीब 9 किलोमीटर दूर अरियाबाजार के निकट नहर में एक युवक का शव ग्रामीणों ने उतराता देखा। इसकी सूचना तत्काल अकबरपुर कोतवाली पुलिस को दी गई। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान हसनैन के रूप में हुई। युवक का शव मिलने के बाद परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।