अंबेडकरनगर। आशा कार्यकर्ताओं के लंबित व बकाया भुगतान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। डीएम अनुपम शुक्ला ने बुधवार को बसखारी के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक (एसटीएस) राजकुमार यादव को आशा भुगतान से जुड़े कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर सीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जवाब को आगामी जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में समिति के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया है।
डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश दिए कि आशा बहुओं से संबंधित बकाया भुगतान की सूची अनिवार्य रूप से चस्पा कराई जाए। आशा कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए कार्यों, जैसे आभा कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पोलियो, डॉट्स और टीकाकरण आदि से संबंधित बकाया भुगतान की जानकारी ली। वर्ष 2019 से अब तक आशा बहुओं से संबंधित सभी लंबित भुगतान का विवरण एक्सेल शीट में तैयार कर 10 दिनों के भीतर अगली बैठक में उसकी हार्ड कॉपी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल, सभी एमओआईसी, बीसीपीएम, एसटीएस मौजूद रहे।