अंबेडकरनगर। जिले में बीते 48 घंटे के भीतर हत्या की ताबड़तोड़ वारदातों से जिला दहल उठा है। जहांगीरगंज व बसखारी थाना क्षेत्रों में हुई तीन हत्याओं के बाद मंगलवार देर रात टांडा नगर के मुबारकपुर में युवक की हत्या से हड़कंप मच गया। आपसी विवाद के दौरान गोली लगने से हुई युवक की मौत के बाद पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त देशी रिवॉल्वर भी बरामद कर लिया गया। एसपी ने पुलिस टीम की इस सफलता पर 15 हजार रुपए का नकद पुरस्कार भी दिया।
मंगलवार देर रात नगर के मुबारकपुर मोहल्ले में स्थित एक चाय की दुकान पर कुछ युवकों में किसी बात पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा की फायरिंग शुरू हो गई। इसी बीच एक युवक को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान कस्बा पश्चिम निवासी इसरार अहमद के पुत्र सैफ (25) के रूप में हुई। घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाद में सैफ के पिता की तहरीर पर अलीगंज कस्बा निवासी मोहम्मद चमन, नेहरुनगर निवासी मोहम्मद राशिद, नैपुरा निवासी मुकद्दस तथा कस्बा पश्चिम निवासी इमरान के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया। एसपी आलोक प्रियदर्शी व एएसपी अवनीश कुमार मिश्र ने रात में ही घटना स्थल का जायजा लेकर खुलासे का निर्देश दिया। टांडा प्रतिनिधि के अनुसार, सीओ अमरबहादुर के नेतृत्व में कोतवाल टांडा संजय कुमार पाण्डेय व अन्य पुलिस कर्मियों ने सभी चार आरोपियों को देर रात साढ़े तीन बजे रामपुर कला मोड़ बरियावन के पास से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त देशी रिवॉल्वर भी बरामद कर लिया गया।
बुधवार को जिला मुख्यालय पर एसपी आलोक प्रियदर्शी ने सीओ टांडा अमरबहादुर की मौजूदगी में कहा कि घटना के महज आठ घंटे के भीतर सभी चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लेने वाली पुलिस टीम को 15 हजार रुपए के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। पुलिस टीम ने कोतवाल संजय कुमार पाण्डेय के अलावा दरोगा तनवीर खान व रामजीत राम तथा सिपाही भरतलाल शर्मा, सुनील यादव व प्रवीण यादव शामिल रहे।
सोमवार सुबह बसखारी थाना क्षेत्र में हत्या की एक के बाद एक दो वारदातें सामने आईं। थाना क्षेत्र के नई बस्ती दरगाह निवासी इस्माइल शाह के तकिया मोहल्ले में नवनिर्मित घर में अकेले रह रहे उसके मझले पुत्र सरफराज (22) की हत्या कर दी गई। उसका सिर ईंटों से क्षत विक्षत किया गया था। एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और घटना के खुलासे का निर्देश दिया था। इस घटना की जानकारी होने से लोग सन्न थे कि इसी बीच बसखारी थाना क्षेत्र के ही निषाद नगर स्थित एक खंडहर में हत्या कर युवक का शव फेंके जाने की जानकारी फैल गई। पता चला कि निषाद नगर निवासी हौंसिला (40) की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी और फरार हो गए।
इन दो हत्या की घटनाओं को लेकर पुलिस चिंतित थी कि इसी बीच जहांगीरगंज में किशोर महेश की हत्या कर खेत में फेंका गया शव मंगलवार सुबह बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया ही मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। यहां भी अधिकारियों ने पहुंचकर हालात का जायजा लिया और अविलंब खुलासे का निर्देश दिया। पुलिस अधिकारी जहांगीरगंज में हुई हत्या का मौका मुआयना कर वापस जिला मुख्यालय लौट ही रहे थे कि इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के सलाहउद्दीनपुर प्राथमिक विद्यालय में आलमारी गिरने से बच्ची की मौत की खबर सामने आ गई। ग्रामीणों के जमकर हंगामे की सूचना पर डीएम व एसपी को मौके पर पहुंचना पड़ा। यहां मामले में प्रधानाध्यापक समेत दो अन्य शिक्षकों व एक शिक्षामित्र के विरुद्ध हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया।