घेरवां मरौचा में रोते-बिलखते परिजन व ग्रामीण।
बसखारी (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के घेरवां मरौचा गांव में सास व देवरानी पर जहरीला पदार्थ पिलाकर मधु (35) की हत्या करने का आरोप है। मौत से पहले मधु ने वीडियो बयान में दोनों पर जबरन जहर देने का आरोप लगाया था। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही गिरफ्तारी के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है।
बसखारी के भिदूण मुसलहां निवासी इंद्रबली ने वर्ष 2001 में अपनी बेटी मधु का विवाह घेरवां मरौचा निवासी संजय के साथ किया था। शादी के मधु ने दो बेटे स्वस्त, अनुराग व एक बेटी साक्षी को जन्म दिया। मधु की सास ज्ञानमती व देवरानी रंजना आए दिन उसके साथ विवाद करती थीं। आपसी समझौते के बाद मधु को बच्चों के साथ सड़क किनारे स्थित टिनशेड के मकान में शिफ्ट कर दिया गया था। पुराने मकान में उनकी सास व देवरानी रह रही थीं। इसके बाद मधु के पति व देवर दिल्ली कमाने चले गए थे।
बृहस्पतिवार देर रात मधु की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उनके मुंह से झाग निकलने लगा। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मधु को सीएचसी बसखारी लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर कर दिया गया। इस बीच मधु ने अपने बयान में सास और देवरानी पर जबरन जहर देने का आरोप लगाया, जिसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया। मेडिकल कॉलेज से ट्राॅमा सेंटर लखनऊ ले जाते समय मधु की मौत हो गई।
पिता के अनुसार आपसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपी महिलाओं की तलाश की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
घेरवां मरौचा में रोते-बिलखते परिजन व ग्रामीण।