अंबेडकरनगर। डीजीपी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जिले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) में तैनात सिपाही और हेड कांस्टेबल वर्षों से एक जनपद में ही जमे हुए हैं। गैरजनपद स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद भी रिलीव नहीं किया गया और न ही इसकी कोई सुधि लेने को तैयार है।
पुलिस विभाग की नीति के अनुसार किसी भी कर्मी को एक ही शाखा में लंबे समय तक तैनात नहीं रखा जा सकता, इसके विपरीत कुछ सिपाही 10 से 12 साल से एक ही इकाई में तैनात हैं।
हेड कांस्टेबल प्रभात मौर्य वर्ष 2012 से एसओजी में तैनात हैं। वर्ष 2022 में उनका बाराबंकी ट्रांसफर हुआ था, लेकिन उन्होंने आईजी अयोध्या से तीन माह तक स्थानांतरण रुकवाने का आदेश हासिल कर लिया था। अब तीन साल बीत चुके हैं, पर वे अभी भी एसओजी में ही बने हुए हैं।
इसी तरह अमरेश कुमार 2015 से 2022 तक एसओजी में तैनात रहे। उनका तबादला सुल्तानपुर हो गया था, लेकिन वर्ष 2025 में ‘जुगाड़’ लगाकर फिर से जिले की एसओजी में वापसी कर ली।
हेड कांस्टेबल सुनील कुमार भी वर्ष 2014 से अब तक एसओजी में तैनात हैं। उनका भी गैरजनपद स्थानांतरण हुआ था, पर रवानगी नहीं की गई।
सर्विलांस सेल में भी यही हाल
सर्विलांस सेल में तैनात हेड कांस्टेबल उमेश यादव का वर्ष 2022 में गैरजनपद ट्रांसफर हुआ था, लेकिन वे भी अब तक जिला नहीं छोड़ पाए हैं।
एसपी बोले – आवश्यकता अनुसार होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार सभी कर्मियों को रिलीव किया जाएगा। संबंधित मामलों की समीक्षा की जा रही है।