अंबेडकरनगर। बारिश ने जिले की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया। मंगलवार को बारिश और तेज हवा से 20 से अधिक बिजली के खंभे टूट गए, कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां बिजली लाइनों पर गिर गईं और तार टूटने से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जिले के 200 से अधिक गांवों और कई शहरी मोहल्लों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अकबरपुर के महानगर क्षेत्र में सुबह करीब सात बजे ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से बिजली आपूर्ति बंद हो गई। बिजली विभाग की टीम कई घंटे तक फॉल्ट खोजने में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों के बाद करीब 11 बजे ट्रांसफार्मर की खराबी दूर कर आपूर्ति बहाल की जा सकी।
कुर्की क्षेत्र में आंधी के दौरान बिजली का तार टूटने से करीब 50 गांवों की आपूर्ति सुबह सात बजे से ठप हो गई। बारिश थमने के बाद कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत शुरू की और करीब साढ़े 11 बजे आपूर्ति सामान्य हो सकी। अकबरपुर के साउथ वेस्ट बिजलीघर से जुड़े अशोक विहार समेत 50 से अधिक गांवों में भी पेड़ों की टहनियां बिजली लाइनों पर गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली कर्मियों ने टहनियां हटाकर सुबह करीब 10 बजे बिजली चालू कराई। बैरमपुर-बरवा बिजलीघर से जुड़े अकबरपुर के नाकाचुंगी, मिर्जापुर, तमसा मार्ग, अग्निशमन विभाग कॉलोनी समेत 10 मोहल्लों और 50 गांवों में भी सोमवार रात से ट्रिपिंग की समस्या बनी रही।
यहां धराशायी हुए 15 खंभे
टांडा, आलापुर और जलालपुर क्षेत्र में तेज हवा के कारण करीब 15 बिजली के खंभे धराशायी हो गए। इसके चलते लगभग 100 गांवों में कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। विभागीय टीमें दिनभर क्षतिग्रस्त लाइनों और खंभों को दुरुस्त करने में जुटी रहीं।
मुबारकपुर दुहिया बिजली घर में भरा पानी
सुलेमपुर। टांडा के मुबारकपुर दुहिया बिजली घर पर तेज बारिश होने से जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके चलते बिजलीकर्मियों को कार्य करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तार टूटने व अन्य खराबी के चलते सुबह छह बजे गुल बिजली अपराह्न चार बजे बहाल हो सकी।
दूर की जा रहीं समस्याएं
तेज आंधी और बारिश के कारण कई स्थानों पर खंभे टूटने, तार क्षतिग्रस्त होने और तकनीकी खराबी से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। विभाग की टीमों ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कर अधिकांश क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी है, जबकि शेष स्थानों पर भी कार्य तेजी से कराया जा रहा है। - रजनीश कुमार श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता