जिला मुख्यालय समेत अन्य मुख्य मार्गों पर कांवरियों का जत्था मंगलवार को भी दिखाई दिया। ढोल नगाड़े व डीजे पर थिरकते कांवरियों को देखने के लिए भीड़ भी उत्सुक नजर आई। चारों तरफ गूंज रहे हर हर महादेव व जय शिवशंकर के नारे लोगों को भक्तिमय रस में सराबोर कर रहे थे।
पूरी रात व दिन चल रहे कांवर यात्रा की सेवा के लिए जगह-जगह पर लोगों ने सेवा कैंप भी खूब बढ़ चढ़कर लगा रखे हैं। कांवरियों को अल्पाहार से लेकर विश्राम व प्राथमिक चिकित्सा के तौर पर दवाएं व पानी भी उपलब्ध कराने का सिलसिला जारी है।
पूरे परवान पर चढ़ा कांवरियों का हुजूम मंगलवार दिन भर चलता रहा। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस एवं प्रशानिक अधिकारी भी जगह-जगह मुस्तैद दिखे। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की बाजारें भी मंगलवार को पूरी तरह भगवा रंग में दिखीं। हर तरफ हर हर महादेव, भोले बाबा डमरू वाले के जयकारे लग रहे थे।
बाबा भोलेनाथ के श्रद्धालु नंगे पांव कांवर लिए कतारबद्ध ढंग से जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। कांवर यात्रा में शामिल सभी लोग पूरे उल्लास और श्रद्धा के साथ ढोल नगाड़े व डीजे पर बजे रहे शिव की महिमा वाले गीतों पर थिरक रहे थे। यातायात व्यवस्था में व्यवधान न पैदा हो, इसका भी शिवभक्त पूरा ख्याल रख रहे थे।
नंगे पांव यात्रा करने के बाद पवित्र धाम शिवबाबा, जिला मुख्यालय स्थित शिवालय व टांडा क्षेत्र के कई शिव मंदिरों में जलाभिषेक को पहुंचे श्रद्धालुओं की आस्था व उल्लास देखते ही बन रही थी। भोर से ही शिवबाबा पवित्र धाम पर शुरू हुआ जलाभिषेक का दौर रात तक जारी रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने आवश्यक पुलिस बल भी तैनात कर रखा है।
अकबरपुर नगर स्थित शिवालय घाट पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। यहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने स्नान ध्यान करने के साथ ही जलाभिषेक कर देश व समाज की खुशहाली के लिए बाबा भोले से कामना की। कांवर यात्रा का हुजूम न सिर्फ अकबरपुर फैजाबाद मार्ग से जिले में प्रवेश किया, बल्कि मया मार्ग से टांडा व आलापुर आदि आस पास के शिवमंदिरों में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भी काफी तादाद दिखी।