टांडा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ममरेजपुर के आवासीय परिसर का शिलान्यास बुधवार को विधायक संजू देवी व प्रतिनिधि श्यामबाबू गुप्त ने किया। विधायक टांडा संजू देवी ने कहा कि टांडा में आईटीआई की स्थापना के बाद से ही आवासीय परिसर की जरूरत बनी हुई थी। शासन ने इसके लिए मंजूरी प्रदान करते हुए प्रथम किस्त के तौर पर 88 लाख रुपये निर्गत कर दिया।
विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार प्रत्येक क्षेत्र में विकास तेजी से कर रही है। शिक्षा के क्षेत्र में पूरी गंभीरता से जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। टांडा में बिजली, स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा समेत कई क्षेत्रों में अभूतपूर्व काम हुए हैं। इसका व्यापक लाभ आम जनमानस को मिल रहा है। विधायक प्रतिनिधि श्यामबाबू गुप्त ने कहा कि समाज का प्रत्येक वर्ग केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा रहा है। कार्यक्रम में दिनेश श्रीवास्तव, अमित गुप्त, शैलेंद्र त्रिपाठी, अजय गुप्त, बच्चाराम वर्मा व सुनील आदि मौजूद रहे। (संवाद)