महरुआ(अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के खजूरडीह से सोमवार सुबह तीन मासूम बच्चों के लापता होने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही महरुआ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज दो घंटे में बच्चों को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
डायल 112 पर सुबह सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम खजूरडीह से तीन बच्चे लापता हैं। उपनिरीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर रवाना की गई। जांच में सामने आया कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ अटेली मंडी के धर्मवीर आदेश (4), माही (4) करीब एक माह पहले अपनी मां के साथ ननिहाल महरुआ के खजूरडीह स्थित मामा राजकुमार के घर आए थे। सोमवार सुबह लगभग नौ बजे दोनों बच्चे अपनी ममेरी बहन सलोनी (5) पुत्री राजकुमार के साथ खेलने निकले थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटे।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ गांव और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद तीनों बच्चे खजूरडीह से करीब दो किलोमीटर दूर पतौना गांव स्थित एक स्कूल के पास खेलते हुए पाए गए। पुलिस टीम ने सभी बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। (संवाद)