अंबेडकरनगर के बूढ़नपुर में ग्रामीण का स्वास्थ्य परीक्षण करती टीम।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। बेटे की बिसरा रिपोर्ट पाने के लिए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से गुहार लगाने के बाद उसके बीमार पति के इलाज के लिए सोमवार देर रात चिकित्सकों की टीम अकबरपुर तहसील क्षेत्र के बूढ़नपुर गांव पहुंचीं, जहां महिला के पति का इलाज किया गया। साथ ही जांच रिपोर्ट टीम ने सीएमओ को सौंप दी।
सोमवार को जब उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक कलेक्ट्रेट के निकट आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, तो इसी बीच अकबरपुर तहसील क्षेत्र के बूढ़नपुर निवासी अनीता हाथों में कुछ कागज लेकर रोती हुई आगे बढ़ी। पुलिस कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की थी, लेकिन बाद में डिप्टी सीएम ने उसके पास जाकर मामले की जानकारी ली थी।
महिला ने शिकायत दर्ज कराते हुए कहा था कि उसके पुत्र की बीते दिनों जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। उसका बिसरा सुरक्षित रखा गया, लेकिन अब तक रिपोर्ट नहीं मिल सकी है। साथ ही कहा कि उसके पति की तबियत खराब है। उनके समुचित इलाज की जरूरत है। मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए डिप्टी सीएम ने जिम्मेदारों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए थे।
डिप्टी सीएम के जाने के बाद सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा के निर्देश पर डॉ. सुभाष के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम सोमवार रात ही बूढ़नपुर गांव में महिला के घर पहुंची। डॉ. सुभाष ने बताया कि महिला के पति की जांच की गई। उसके मुंह में छाले पड़े हैं। जरूरी दवाएं उसे दी गई हैं। बताया कि पूरी रिपोर्ट सीएमओ को सौंप दी गई है। उधर, सीएमओ ने बताया कि वे स्वयं मॉनीटरिंग कर रहे हैं।