अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल परिसर में संचालित 100 शैय्या वाले मातृ शिशु विंग का मंगलवार को अपर निदेशक चिकित्सा व स्वास्थ्य डॉ. राजेश कपूर ने औचक निरीक्षण किया। पेयजल व सफाई व्यवस्था बेपटरी होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि दोबारा इस प्रकार की लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। न सिर्फ आरओ सिस्टम को चुस्त-दुरुस्त रखा जाए बल्कि सफाई पर भी पूरा ध्यान दिया जाए। ओटी का संचालन जल्द शुरू करने का निर्देश देते हुए अपर निदेशक ने कहा कि चिकित्सक न सिर्फ समय पर अस्पताल पहुंचें बल्कि मरीजों का सुचारु रूप से इलाज भी करें।
मंगलवार अपराह्न अपर निदेशक चिकित्सा व स्वास्थ्य डॉ. राजेश कपूर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल परिसर स्थित 100 बेड वाले मातृ शिशु विंग का जायजा लिया। परिसर से लेकर मुख्य भवन के अंदर तक जगह-जगह गंदगी फैली मिली। पेयजल के लिए लगा आरओ सिस्टम खराब मिला। इस पर जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि इस प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
न सिर्फ नियमित सफाई की जाए बल्कि पेयजल के लिए लगे आरओ सिस्टम को भी तत्काल ठीक कराया जाए। मरीजों को किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त की जाए।
अपर निदेशक ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि न सिर्फ वे समय पर अस्पताल पहुंचे बल्कि सुचारु रूप से मरीजों का इलाज भी करें। इलाज के लिए मरीजों को किसी भी प्रकार की मुश्किल नहीं होनी चाहिए। यदि किसी प्रकार की शिकायत मिली तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विभिन्न वार्ड में जाकर भर्ती मरीजों से भी बातचीत की। अस्पताल में अब तक ओटी का संचालन न होने को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सीएमएस डॉ. एसपी गौतम को अतिशीघ्र ओटी की शुरुआत का निर्देश दिया। इस दौरान डॉ. हर्षित गुप्ता, जेई विजय पाल, महेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।