जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत मथुरा रसूलपुर के मजरा हसनपुर में दहेज लोभियों ने पीटकर विवाहिता की हत्या कर दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बीच महिला की मां की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पति, सास व ससुर के विरुद्ध दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया। खबर है कि पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
हसनपुर गांव निवासी जगदीश ने आजमगढ़ जनपद के अहिरौला थाना क्षेत्र के पश्चिम पट्टी निवासी अपनी सास शोभावती को शनिवार सुबह जानकारी दी कि उनकी पुत्री किरन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस पर वे कुछ ग्रामीणों के साथ हसनपुर पहुंच गईं। शोभावती के अनुसार जब वह घर पहुंचीं, तो उसकी पुत्री किरन (25) का शव कमरे के दरवाजे पर पड़ा हुआ था। उसके सिर में चोट के निशान थे। पति व सास, ससुर घर पर नहीं थे। उन्होंने फौरन कोतवाली पुलिस को बताया। कुछ देर बाद कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
बाद में शोभावती ने कोतवाली पहुंचकर केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति जगदीश के अलावा सास व ससुर के विरुद्ध दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। तहरीर के अनुसार किरन का विवाह वर्ष 2017 में हसनपुर निवासी जगदीश से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही दहेज के लिए उसका उत्पीड़न किया जा रहा था। अक्सर उसकी पिटाई भी की जाती थी। शुक्रवार रात भी कुछ ऐसा ही हुआ। आरोप है कि उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। खबर है कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस ने अभी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।