टांडा (अंबेडकरनगर)। माफिया सरगना खान मुबारक की हंसवर थाना क्षेत्र के रामपुर बेनीपुर में स्थित एक करोड़ से अधिक बेनामी संपत्ति को पुलिस ने कुर्क कर लिया। एसडीएम दीपक वर्मा व सीओ संतोष कुमार के नेतृत्व में हंसवर थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी व राजस्व कर्मियों की टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की। साथ ही भवन के गेट पर ताला लगा दिया गया।
डीएम सैमुअल पॉल एन ने माफिया सरगना खान मुबारक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिया था। पुलिस प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पत्र भेजा था। इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट ने इस पर निर्णय लेते हुए कुर्क करने का आदेश दिया। इस बीच मंगलवार को हंसवर पुलिस टीम ने एसडीएम व सीओ की मौजूदगी में माफिया की रामपुर बेनीपुर में स्थित लगभग एक करोड़ की बेनामी संपत्ति को कुर्क कर लिया।
पुलिस के मुताबिक माफिया द्वारा दबंगई के बल पर संबंधित भूमि पर कब्जा कर उस पर मकान बनवा लिया गया था। संबंधित मकान को अपने एक सहयोगी रामू को किराए पर दे रखा था। पुलिस ने संपत्ति कुर्क करते हुए उस पर ताला जड़ दिया। इससे पहले पुलिस ने क्षेत्र में मुनादी भी करायी। एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने देर शाम कहा कि आपराधिक तत्वों के विरुद्ध इसी प्रकार की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।