फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दर्शन करने गया माफिया अजय सिपाही राजस्थान में गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। निषाद पार्टी से कटेहरी सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे माफिया अजय सिंह सिपाही को अंबेडकरनगर पुलिस ने मंगलवार को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। वह परिवार के साथ बालाजी मंदिर में दर्शन करने पहुंचा था। उसे अयोध्या की गैंगेस्टर कोर्ट से गैर जमानती वारंट के आधार पर पकड़ा गया है। एसपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उसे 24 घंटे के भीतर अयोध्या कोर्ट में पेश किया जाएगा। उधर माफिया सरगना व पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश करार दिया है। उनके पुत्र ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री से पूरे मामले में न्याय की गुहार लगाई है।
विज्ञापन

कटेहरी से ब्लॉक प्रमुख रहा अजय सिंह सिपाही निषाद पार्टी के टिकट पर कटेहरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। पिछले चुनाव में भी उसने निषाद पार्टी के टिकट पर ही चुनाव लड़ा था। इस बार उसकी कोशिश भाजपा का समर्थन लेने की भी थी। अजय सिपाही ने बीते दिनों लखनऊ में हुए निषाद पार्टी के सम्मेलन में बढ़-चढ़कर भागीदारी की थी।
इन्हीं कोशिशों के बीच मंगलवार दोपहर बाद यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से फैली कि अजय सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद सभी यह जानने की कोशिश में लग गये कि उसकी गिरफ्तारी किस मामले में हुई है। बाद में पता चला कि अजय सिपाही की गिरफ्तारी अयोध्या की कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर हुई है। बताया जाता है कि अजय सिपाही के खिलाफ अयोध्या जनपद की गैंगेस्टर कोर्ट से 12 दिसंबर को गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। इसके बाद से अंबेडकरनगर पुलिस सर्विलांस के माध्यम से अजय सिपाही की तलाश में जुटी थी।
विज्ञापन

जैसे ही पुलिस को जानकारी हुई कि अजय सिपाही अपनी पत्नी व बेटे के साथ राजस्थान के बालाजी मंदिर में दर्शन करने पहुंचा है। पुलिस ने मंगलवार सुबह उसे मंदिर में दर्शन करने से पहले ही हिरासत में ले लिया। इसके बाद भारी पुलिस बल के साथ उसे अंबेडकरनगर लाया जा रहा है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि अयोध्या कोर्ट ने गैंगेस्टर के एक मामले में वारंट जारी किया था। इसी आधार पर राजस्थान से गिरफ्तारी हुई है। अभियुक्त को चौबीस घंटे के भीतर अयोध्या कोर्ट में पेश किया जाएगा।
लगाया राजनीतिक साजिश का आरोप
अजय सिपाही ने गिरफ्तारी के बाद कहा कि यह राजनीतिक साजिश है। कटेहरी के एक भाजपा नेता का नाम लेते हुए उसने कहा कि उनकी साजिश पर गिरफ्तारी की गई है। मेरा कोई अपराध नहीं है। लंबे समय से मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है, जिससे मैं कटेहरी से चुनाव न लड़ सकूं। पिछले चुनाव में मुझे जनता का जो समर्थन मिला था, उससे कहीं ज्यादा समर्थन इस बार मिल रहा है। इसे देखते हुए ही यह साजिश रची गई है। अजय के पुत्र प्रांजल सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा है कि उनके पिता ने जि.पं. चुनाव में सदस्य के दो पदों पर चुनाव जितवाकर पार्टी की लाज बचाई थी। उन्होंने सवाल खड़ा किया कि पार्टी को समर्थन देने वालों के खिलाफ ही आखिर फर्जी आधार पर कार्रवाई क्यों हो रही है। प्रांजल ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले में उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें