अंबेडकरनगर। नगर पंचायत की भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए मदरसे को प्रशासन की मौजूदगी में रविवार को जेसीबी से ढहा दिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने नागरिकों को चेतावनी भी दी कि यदि सार्वजनिक स्थल अथवा सरकारी भूमि पर किसी के द्वारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित के विरुद्घ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में सभी लोग भूमि पर किसी तरह के अतिक्रमण का प्रयास कतई न करें।
गौरतलब है कि नगर पंचायत इल्तिफातगंज अंतर्गत मोहल्ला सरदार पटेलनगर में एक भूखंड नवीन परती के तौर पर दर्ज है। इसी भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण कर मदरसा का निर्माण करा लिया गया। तमाम शिकायतों के मद्देनजर नगर पंचायत प्रशासन ने कई बार संबंधित व्यक्ति को मौके से अतिक्रमण हटा लेने का निर्देश व नोटिस दिया। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया जा सका।
इस बीच डीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार टांडा ने रविवार को राजस्व व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से ढहवा दिया। साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि सरकारी भूमि व अन्य तरह की भूमि पर किसी ने अतिक्रमण या कब्जा करने की कोशिश की तो न सिर्फ अतिक्रमण हटवाया जाएगा वरन संबंधित के विरुद्घ कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। ऐसे में इस तरह की कोई कोशिश न की जाए। टीम में अधिशाषी अधिकारी उमेश कुुमार पासी, इल्तिफातगंज चौकी प्रभारी राम प्रताप यादव, अमृत लाल यादव, पवन चतुर्वेदी समेत कानूनगो व लेखपाल आदि मौजूद रहे।