अंबेडकरनगर के इब्राहिमपुर थाने में प्रेमी युगल के विवाह के दौरान आशीर्वाद देते परिजन -संवाद
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
केदारनगर (अंबेडकरनगर)। पुलिसकर्मियों के परिवारीजन को समझाने के बाद प्रेमी युगल बुधवार को थाना परिसर में सात फेरे लेकर एक-दूसरे के जीवनसाथी बन गए। पुलिसकर्मियों व परिवारीजन ने दोनों को आशीर्वाद प्रदान किया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने थाने से ही नवविवाहिता को ससुराल के लिए विदा कर दिया।
मामला इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के अवसानपुर गांव से जुड़ा है। बताया जाता है कि हुसैनपुर सुधाना निवासी आशुतोष का अवसानपुर गांव निवासी एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि मंगलवार की रात आशुतोष अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंच गया। इसकी भनक परिवारीजन को लग गई तो ग्रामीणों की मदद से उसे पकड़ लिया।
इसके बाद इसकी जानकारी इब्राहिमपुर पुलिस को दे दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले आयी। युवक व युवती एक-दूसरे से विवाह करने पर अड़े थे। इस पर पुलिस टीम ने दोनों के परिजनों को थाने बुलवाया। थानाध्यक्ष प्रमोद सिंह ने दोनों के परिजनों को समझाया बुझाया। इसके बाद किसी तरह दोनों के परिवारीजन विवाह के लिए राजी हुए। थाना परिसर में ही पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में दोनों का विवाह कार्यक्रम संपन्न हुआ। थानाध्यक्ष समेत सिपाही गुलाब पांडेय व तेजबहादुर सरोज आदि ने आशीर्वाद दिया।