राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। दो दिन से लापता राजेसुल्तानपुर के देवरिया बाजार निवासी संग्राम श्रीवास्तव की लोकेशन बिहार में मिली है। युवक भभौरा गांव में नरोत्तमपुर मोड़ पर निजी क्लीनिक चलाने के अलावा रामनगर स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ाता था।
बताया जाता है कि सोमवार को सुबह वह घर से स्कूल के लिए निकला और अपने क्लीनिक पर एक मरीज देखा। उसके बाद वह अपनी बाइक लेकर क्लीनिक से चला गया था। इसके बाद दोपहर में पत्नी मनोरमा देवी ने उसके नंबर पर फोन किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ था। स्कूल पर पता करने पर पता चला कि वहां भी नहीं हैं।
पुलिस लापता संग्राम का पता लगा ही रही थी कि देर शाम लगभग नौ बजे उसकी बाइक कम्हरिया श्मशान घाट पर लावारिस हालात में मिली। चर्चा है कि युवक पर काफी कर्जा भी था। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। युवक की मोबाइल की लोकेशन बिहार में मिलने पर भाई संजय व अन्य लोग मंगलवार को बिहार पता लगाने के लिए गए हैं। (संवाद)