अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने अनुसूचित जाति की महिला से दुष्कर्म, धमकी और एससी-एसटी एक्ट के मामले में नामजद अधिवक्ता अशोक कुमार त्रिपाठी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीओ नीतीश कुमार तिवारी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
महिला के अनुसार वह करीब तीन वर्षों से कचहरी के शेड नंबर-10 में अधिवक्ता के यहां मुंशी के रूप में काम करती थी। पति से विवाद और मुकदमे का लाभ उठाकर अधिवक्ता ने उसे शादी का भरोसा दिया। आरोप है कि इसके बाद किराये के मकान में ले जाकर जबरन संबंध बनाए और अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी बार-बार जबरदस्ती करता रहा।
महिला ने नौकरी से हटाने, बदनाम करने, फर्जी मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। 23 जनवरी को तबीयत खराब होने के बावजूद उसे कचहरी बुलाकर दोबारा किराये के मकान पर चलने का दबाव बनाया गया। विरोध पर मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप है।
महिला ने पांच जनवरी को एसपी से शिकायत की थी। कार्रवाई न होने पर 25 जुलाई को दोबारा शिकायत की, जिसके बाद अकबरपुर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज हुई। 25 अगस्त को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।