अंबेडकरनगर। टांडा के इल्तिफातगंज में प्रस्तावित राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल का निर्माण जमीन के अभाव में ठप पड़ा है। नगर पंचायत की ओर से मुहैया कराई गई भूमि विवादित होने के चलते काम पर रोक लगा दी गई थी। इसके बाद से अब तक विभाग को दूसरी जमीन नहीं मिल पाई है।
स्थानीय लोगों को आयुर्वेदिक इलाज की सुविधा बेहतर ढंग से मिले इसके लिए यहां पर पहले से ही आयुर्वेदिक अस्पताल संचालित है। इसका भवन जर्जर होने के कारण नए भवन का प्रस्ताव भेजा गया था। निर्माण के लिए शासन की ओर से लिए पहली किस्त के 15 लाख रुपये भी कार्यदायी संस्था को जारी किए जा चुके हैं। फरवरी में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्यदायी संस्था ने निर्माण शुरू कर दिया था। इस दौरान जमीन दूसरे के नाम दर्ज होने का पता चला तो आपत्ति लग गई। इसके बाद से यथास्थिति बनी हुई है।
जमीन को लेकर कई बार अधिकारियों से पत्राचार किया है। हाल ही में एक जमीन की जानकारी हुई है। उसे दिखवाया जा रहा है, जमीन के मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा।
-डॉ. रणजीत कुमार, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी