अंबेडकरनगर। माफिया सरगना खान मुबारक का लखनऊ में स्थित आलीशान फ्लैट अब जल्द ही कुर्क कर लिया जाएगा। जिला प्रशासन ने इस बारे में पुलिस आयुक्त लखनऊ को पत्र भेज दिया है। पहले यह पत्र डीएम को गया था। माना जा रहा है कि लखनऊ प्रशासन को पत्र भेजने के चलते अब अगले कुछ दिनों के भीतर ही हुसैनगंज स्थित एक अपार्टमेंट में माफिया का जो फ्लैट है, उसे कुर्क कर लिया जाएगा। जनपद पुलिस के अनुसार माफिया व आपराधिक तत्वों पर कार्रवाई की प्रक्रिया तेज की गई है। जल्द ही इसके नतीजे देखने को मिलेंगे।
बीते दिनों पुलिस प्रशासन ने हंसवर थाना क्षेत्र के हरसम्हार निवासी माफिया सरगना खान मुबारक के विरुद्घ गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई की थी। इसमें उसके गांव व आसपास के कई आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों को जमींदोज करने के अलावा कुर्क कर लिया गया था। एसपी आलोक प्रियदर्शी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया था। उसी दौर में खान मुबारक के लखनऊ स्थित एक आलीशान फ्लैट को कुर्क करने का भी निर्णय लिया गया था।
जिला प्रशासन ने फ्लैट को कुर्क करने का पत्र डीएम लखनऊ के नाम भेज दिया था। हालांकि उसी दौर में लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का गठन हो गया। कुर्क आदि करने का अधिकार लखनऊ पुलिस को मिल गया था। ऐसे में अब नए सिरे से फ्लैट को कुर्क करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। अंबेडकरनगर प्रशासन ने लखनऊ पुलिस कमिश्नर को पत्र भेज दिया है। इसमें गैंगेस्टर एक्ट के तहत नियमों का हवाला देते हुए कहा गया कि माफिया खान मुबारक की एक संपत्ति लखनऊ में स्थित है, जिसे कुर्क किया जाना जरूरी है।
लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में शिखर अपार्टमेंट स्थित है। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीन मंजिला इस अपार्टमेंट के प्रत्येक तल पर दो-दो बड़े फ्लैट हैं। प्रत्येक फ्लैट में तीन से चार कमरे समेत तमाम तरह की सुविधाएं मौजूद हैं। खान मुबारक का फ्लैट तीसरे तल पर स्थित है। इसी फ्लैट को कुर्क करने की प्रक्रिया अब फिर से शुरू हो गई है। माना जा रहा कि जल्द ही खान मुबारक का लखनऊ स्थित आलीशान फ्लैट कुर्क कर लिया जाएगा। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि लखनऊ प्रशासन को पत्र भेजा गया है। जल्द ही कुर्की की कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।