अंबेडकरनगर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में करीब दो साल से चल रहा क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण इस साल के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। 16 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 50 बेड की इस यूनिट में हर समय चिकित्सकों की तैनाती रहेगी, जिससे गंभीर मरीजों के साथ दुर्घटना में घायलों को जल्द इलाज मिल सकेगा और उनकी जान बच सकेगी।
मरीजों की बेहतर इलाज मुहैया के लिए सरकार की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ोतरी की जा रही है। मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं तो मिल रहीं हैं, लेकिन गंभीर मरीजों को अब भी दूसरे जिले या लखनऊ रेफर करना पड़ता है। इससे समय से मरीजों को इलाज न मिल पाने से कई बार मौत हो जाती है।
गंभीर मरीजों को जिले में इलाज की सुविधा देने के लिए मेडिकल कॉलेज में सीसीयू तैयार हो रही है। इसके संचालन के बाद यहां पर आने वाले हादसों में घायल, हृदय रोगियों, किडनी और न्यूरो के गंभीर मरीजों को भी आसानी से उपचार हो सकेगा। वहीं सिक न्यू बार्न केयर यूनिट एसएनसीयू में नवजात बच्चों की इलाज की सुविधा रहेगी।
यूनिट का निर्माण यूपी सिडको करा रहा है। लगभग दो वर्ष से चल रहे इस काम को सितंबर तक पूरा करने का निर्देश है, इसके बाद अन्य संसाधनों को पूरा करने के बाद लगभग इसी साल के अंत में यह पूरी तरीके से काम करना शुरू कर देगा।