अंबेडकरनगर। नगर पालिका परिषद अकबरपुर में तैनात अवर अभियंता सिविल मालविका सिंह ने मीरपुर निवासी एक युवक पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, बार-बार फोन कर परेशान करने, रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर अकबरपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के मुताबिक, मालविका सिंह जब सरकारी कार्य से क्षेत्र में जाती हैं तो मीरपुर निवासी परमानंद यादव कथित रूप से मौके पर पहुंचकर उन्हें परेशान करता है। आरोप है कि वह उनके मोबाइल पर लगातार फोन करता है। नंबर ब्लॉक करने पर अलग-अलग नंबरों से कॉल कर अपशब्दों का प्रयोग करने और रुपये की मांग करने का आरोप लगाया गया है।
अवर अभियंता का आरोप है कि रुपये न देने पर आरोपी आत्महत्या कर उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। साथ ही उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले की जानकारी पति को देने के बाद आरोपी ने उनसे भी विवाद किया और धमकी दी। आरोप है कि वह उनके वैवाहिक जीवन में भी हस्तक्षेप कर रहा है।
इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।