अंबेडकरनगर। राशन कार्ड में नाम जुड़वाना पात्रों के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। इसके लिए लोग कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय का तीन-तीन महीने से चक्कर काट रहे हैं। इसके बावजूद न तो उनका नाम जुड़ पा रहा है न ही असल स्थिति की जानकारी मिल पा रही है।
सोमवार को कार्यालय परिसर के बाहर खड़े लोगों ने बताया कि कार्यालय में कोई स्पष्ट सूचना नहीं मिल पाती है, जिससे उन्हें यह पता चल सके कि उनका आवेदन किस स्थिति में है। अधिकतर लोग जानकारी के अभाव में चक्कर काटते रहते हैं। ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करने के बावजूद कई मामलों में प्रक्रिया अधूरी है। फील्ड स्तर से सत्यापन रिपोर्ट लंबित होने, तकनीकी त्रुटियों अथवा कर्मियों की उदासीनता के चलते कार्य समय से पूरा नहीं हो पा रहा। इसका सीधा प्रभाव गरीब और पात्र लोगों पर पड़ रहा है, जिन्हें सस्ते राशन की सख्त आवश्यकता है।
चार माह से लगा रहीं चक्कर
फोटो- 9
शहजादपुर के फतेहपुर पकड़ी की निवासी सोना देवी ने बताया कि वह पिछले चार माह से राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए प्रयासरत हैं। इसके लिए वह अब तक आठ बार कार्यालय का चक्कर लगा चुकी हैं, परंतु स्थिति जस की तस बनी हुई है। कार्यालय से केवल यही कहा जाता है कि प्रक्रिया चल रही है।
तीन माह बाद भी नहीं जुड़ा नाम
जलालपुर के निवासी जुनैद अहमद ने बताया कि उन्होंने तीन महीने पूर्व आवेदन किया था। आवश्यक दस्तावेज समय से जमा कर दिए गए, फिर भी न तो नाम जुड़ा और न ही किसी स्तर से कोई सूचना प्राप्त हुई। जब भी वह कार्यालय आते हैं, हर बार केवल प्रतीक्षा की सलाह देकर लौटा दिया जाता है।
जल्द होगा निस्तारण
कार्यालय में आए सभी लोगों की समस्याएं सुनी गईं हैं। जल्द निस्तारण कराने के लिए संबंधित की जिम्मेदारी तय की गई है।
- शिवाकांत पांडेय, जिला पूर्ति अिधकारी