डीएम ने किया बसखारी सीएचसी का औचक निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बसखारी(अंबेडकरनगर)। डीएम अविनाश सिंह ने बसखारी सीएचसी का रविवार को औचक निरीक्षण किया। पेयजल व सफाई संबंधी बदहाली तथा कर्मचारियों की मनमानी पर सीएचसी अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही अनुपस्थित पाए गए खंड सामुदायिक कार्यक्रम प्रबंधक (बीसीपीएम) का तत्काल स्थानांतरण करने का निर्देश दिया।
डीएम की नाराजगी का असर यह हुआ कि उनका दौरा समाप्त होने के तत्काल बाद किछौछा नगर पंचायत से पहुंची टीम ने विधिवत साफ सफाई की। इससे पहले डीएम को सीएचसी के निरीक्षण में जगह-जगह गंदगी देखने को मिली। वार्डों व अन्य कक्षों की साफ-सफाई व्यवस्था बदहाल थी। पेयजल की भी समुचित व्यवस्था नहीं पाई गई। अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत को डीएम ने अविलंब यह व्यवस्था दुरुस्त कराने को निर्देशित किया।
निरीक्षण में पता चला कि खंड सामुदायिक कार्यक्रम प्रबंधक आठ वर्ष से यहां तैनात हैं। वह निरीक्षण में नदारद थे। डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिया कि तत्काल अन्यत्र भेजा जाए। आयुष्मान मित्र के अनुपस्थित होने के कारण गोल्डन कार्ड बनाने की प्रक्रिया ठप थी। इस पर जवाब तलब करने का निर्देश दिया। डीएम ने चिकित्सकों व अन्य को निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले मरीजों का बेहतर ढंग से उपचार सुनिश्चित किया जाए।