अंबेडकरनगर। जिले में जल्द ही गाय के गोबर से धूप, अगरबत्ती, मोमबत्ती व साबुन तैयार किए जाएंगे। खादी ग्रामोद्योग विभाग ने इस पर काम शुरू कर दिया है। इससे एक तरफ जहां गो आश्रय स्थल पर रखी गई गायों के गोबर का सही उपयोग हो सकेगा, वहीं, युवाओं को रोजगार के अवसर भी मुहैया होंगे। ग्रामोद्योग विभाग युवाओं को इसके लिए जरूरी प्रशिक्षण भी मुहैया दिलाएगा।
पशु आश्रय स्थलों पर रखी गई गायों के गोबर का सदुपयोग प्रशासन तय करेगा। गोबर से धूप, अगरबत्ती, मोमबत्ती व साबुन तैयार करने की दिशा में प्रक्रिया शुरू हुई है। प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत खादी ग्रामोद्योग विभाग ने इस पर काम शुरू कर दिया है। युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए जल्द ही 30 प्रशिक्षकों की नियुक्ति भी होगी।
खादी ग्रामोद्योग अधिकारी राकेश दुबे ने बताया कि विभाग ने कई मॉडल तैयार किए हैं। युवाओं को प्रशिक्षण देकर न सिर्फ गोबर का सही उपयोग किया जाएगा, बल्कि रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। यदि इस पर काम पूरी तरफ सफल रहा तो आने वाले समय में गाय का गोबर करीब 70 रुपये प्रति किलो में खरीदा जाएगा।