अंबेडकरनगर। कोविड समेत अन्य जीवन रक्षक वैक्सीन व इंजेक्शनों की सुरक्षा हाशिए पर है। इनकी कोल्ड चेन कायम बनाए रखने को लेकर स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार पूरी तरह उदासीन हैं। इसके चलते ही अकबरपुर नगर के मीरानपुर स्थित संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संचालित जिला वैक्सीन स्टोर में बिजली चले जाने पर स्टोर कक्ष के तापमान को समुचित स्तर पर कायम बनाए रखना बड़ी चुनौती बना है। वैक्सीन स्टोर पर बिजली की वैकल्पिक सप्लाई के लिए लगा जेनरेटर बीते एक माह से अधिक समय से खराब पड़ा है। सीएचसी के जेनरेटर से उधार की सप्लाई लेकर बस किसी तरह स्टोर का काम चलाया जा रहा है। ऐेसे में अचानक सीएचसी के जेनरेटर के बिगड़ जाने पर वैक्सीन स्टोर में रखी लाखों की कीमत की डोज की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
विभिन्न प्रकार के रोगों से लड़ने के लिए लगने वाली वैक्सीन के रखरखाव की व्यवस्था भगवान भरोसे है। वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संचालित जिला वैक्सीन स्टोर में मौजूदा समय में कोविड, पल्स पोलियो व अन्य प्रकार की बीमारियों से सुरक्षित बनाने में कारगर विभिन्न प्रकार की वैक्सीनों की 3.88 लाख डोज मौजूद हैं। इन वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक तापमान की कोल्ड चेन बनाए रखना जरूरी होता है। इसके लिए परिसर में बिजली चले जाने पर व्यवस्था को बिगड़ने से बचाने के लिए अलग से 25 केवीए का जनरेटर लगाया गया है। यह जनरेटर एक माह से अधिक समय खराब पड़ा है। जानकारी के बाद भी इसकी मरम्मत कर दुरुस्त बनाने का कार्य हाशिए पर है।
वैक्सीन स्टोर प्रभारी पारसनाथ ने बताया कि जेनरेटर खराब होने की जानकारी 8 अप्रैल को सीएमओ कार्यालय को दे दी गयी थी। इसके बावजूद अभी तक खराब जेनरेटर दुरुस्त नहीं हुआ। इस दौरान स्टोर में रखी वैक्सीन की कोल्ड चेन को बनाए रखने के लिए वैकल्पिक तौर पर सीएचसी में लगे जनरेटर से स्टोर की बिजली सप्लाई को जोड़ा गया है। कार्यरत कर्मियों का कहना है कि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जिस जनरेटर का प्रयोग किया जा रहा है, यदि अचानक बत्ती जाने पर वह भी खराब हो गया, तो स्टोर में रखी लाखों कीमत की जीवन रक्षक वैक्सीनों की डोज की कोल्ड चेन टूटने पर इनके खराब हो जाने का अंदेशा बना हुआ है।
स्टोर कक्ष में मौजूद वैक्सीन
जिला स्टोर में कोविड के साथ गर्भवती, बच्चों के अलावा कई अन्य प्रकार की वैक्सीन रखी गई हैं। इसमें बीसीजी, बीओपीवी, कोवैक्सीन टेन डोज, को वैक्सीन फाइव डोज, कोविडशील्ड, डीपीटी, एफएलपीवी, हेपेटाइटिस बी, जेन वैक, एमआर, पीसीवी, पीसीवी फाइव, एमआर फाइव, पेंटा वैलेंट, रोटा वैक, आरवीवी, टीडी डोज की कुल 3 लाख 88 हजार 530 वैक्सीन हैं।
जेनरेटर दुरुस्त कराने के निर्देश
सीएमओ डॉ श्रीकांत शर्मा ने बताया कि जनरेटर को शीघ्र दुरुस्त बनाने के लिए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी को निर्देशित किया गया है। शीघ्र ही जनरेटर का मरम्मत कार्य पूरा हो जाएगा। फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत वैक्सीन की कोल्ड चेन बनाए रखने का कार्य हो रहा है। जबकि जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. रामानंद सिद्धार्थ ने बताया कि सभी वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित हैं। खराब पड़े जनरेटर को जल्दी क्रियाशील करा दिया जाएगा।