जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कलक्ट्रेट में आठ पदों के लिए के सापेक्ष कुल 134 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसी प्रकार दोनों ब्लाकों में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 195 पदों के लिए 1035 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
पंचायत चुनाव के जिला पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए दूसरे चरण में कटेहरी व भीटी विकास खण्ड में होने वाले चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शनिवार को भारी गहमागहमी के बीच संपन्न हुई।
जिला पंचायद सदस्य पद के लिए नामांकन का कार्य कलक्ट्रेट स्थित अपर न्यायालय कक्ष संख्या 31 में हुआ।नामांकन आठ बजे से प्रारंभ होना था, लेकिन कई प्रत्याशी समय से पहले ही कलक्ट्रेट पहुंच गए।
अंतिम दिन जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कटेहरी विकास खण्ड के 4 पदों के लिए 31 प्रत्याशियों व भीटी में 4 पदों के लिए 39 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले विगत एक अक्तूबर को कटेहरी विकास खण्ड के जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 29 व भीटी विकास खण्ड के जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 35 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था।
इस प्रकार भीटी विकास खण्ड में 4 पदों के सापेक्ष कुल 74 प्रत्याशियों व कटेहरी में 4 पदों के लिए 74 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस प्रकार दोनों विकास खंडों में जिला पंचायत सदस्य के 8 पदों के सापेक्ष कुल 134 प्रत्याशियों ने अपना अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के नामांकन के लिए संबंधित विकास खण्ड कार्यालयों पर भी सुबह से ही भारी गहमागहमी रही। भीटी प्रतिनिधि के अनुसार अंतिम दिन 87 पद के सापेक्ष कुल 316 ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पूर्व विगत 1 अक्तूबर को 143 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था।
इस प्रकार इस विकास खण्ड में 459 प्रत्याशियों ने अपना अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। कटेहरी प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार को अंतिम दिन 108 पद के सापेक्ष कुल 229 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पूर्व विगत 1 अक्तूबर को 108 के सापेक्ष कुल 347 ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।
इस प्रकार इस विकास खण्ड में 108 पद के सापेक्ष कुल 576 प्रत्याशियों ने अपना अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस प्रकार दोनों विकास खण्डों में क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के 195 के सापेक्ष कुल 1035 प्रत्याशियों ने अपना अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष रामप्रकाश यादव के हवाले से सांसद प्रतिनिधि भरत शुक्ल ने बताया कि अंतिम दिन शनिवार को भीटी तृतीय से अमरजीत वर्मा, भीटी चतुर्थ से रीता द्विवेदी, कटेहरी प्रथम से रामउजागिर अग्रहरि, कटेहरी द्वितीय से विनय वर्मा, कटेहरी तृतीय से सतीश भारती, कटेहरी चतुर्थ से सरोज शुक्ला ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
बसपा जिलाध्यक्ष दर्शन भारती ने बताया कि भीटी द्वितीय से सियाराम पटेल, भीटी तृतीय से रामनरेश निषाद, कटेहरी प्रथम से शोभावती वर्मा, कटेहरी द्वितीय से जगदीश राजभर, कटेहरी तृतीय से राकेश खरवार, कटेहरी चतुर्थ से विमला ेिनषाद ने अपना अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता डा. विजय शंकर तिवारी ने जिलाध्यक्ष सै. मेराजुद्दीन किछौछवी के हवाले से बताया कि भीटी प्रथम से प्रेमलता सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
एडीएम रामसूरत पाण्डेय ने बताया कि दूसरे चरण के लिए अंतिम दिन बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के नामांकन करने के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए होने वाले नामांकन के लिए कलक्ट्रेट में मुख्य गेट से लेकर नामांकन कक्ष तरक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
प्रत्येक प्रत्याशी को अपने साथ मात्र प्रस्तावक ले जाने की ही छूट दी जा रही थी। इसके अलावा भीटी व कटेहरी ब्लाक मुख्यालय पर भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।