सद्दरपुर। मरीजों की बढ़ती संख्या और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब मेडिकल कॉलेज की ओपीडी शाम चार बजे तक संचालित होगी। इस निर्णय से विशेष रूप से दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। दो बजे तक ओपीडी चलती है। दो बजे तक परचा बनने के बाद कई मरीजों को बिना परीक्षण और जांच के ही वापस लौटना पड़ रहा था। ऐसे में दूरस्थ गांवों और कस्बों के अलावा आजमगढ़, सुल्तानपुर और बस्ती से आने वाले मरीजों को परेशानी होती थी।
मरीजों की इस समस्या को देखते हुए ओपीडी का समय बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानाचार्य ने बताया कि इससे अधिक से अधिक मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिल सकेंगी और इलाज में होने वाली परेशानियां कम होंगी।