अंबेडकरनगर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत 4 नवंबर से हो चुकी है, जो 4 दिसंबर तक चलेगा। एसआईआर प्रपत्र भरना प्रत्येक मतदाता के लिए अनिवार्य है। यदि अब तक किसी मतदाता को गणना प्रपत्र नहीं मिला है, तो वह संबंधित बीएलओ से संपर्क करें और तत्काल फाॅर्म भरने की प्रक्रिया को पूरी कर लें।
अभियान के तहत जिले के कुल 18,70,776 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। अब बीएलओ इन प्रपत्रों को भरवाकर वापस प्राप्त कर रहे हैं। प्रत्येक बीएलओ की जिम्मेदारी है कि वह 4 दिसंबर तक अपने क्षेत्र के सभी मतदाताओं से प्रपत्र भरवाकर जमा कराएं। अधिकारीयों ने बताया कि एसआईआर प्रपत्र भरना प्रत्येक मतदाता के लिए अनिवार्य है। यदि किसी मतदाता को अभी तक प्रपत्र नहीं मिला है, तो वह संबंधित बीएलओ से संपर्क करें।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्सना बंधु ने कहा कि जिले में सभी मतदाताओं तक प्रपत्र पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, लेकिन कुछ स्थानों पर समय पर न पहुंच पाने की संभावना रहती है। ऐसी स्थिति में मतदाता जिले की आधिकारिक वेबसाइट ambedkarnagar.nic.in/blo-list पर उपलब्ध बीएलओ सूची से अपना बूथ नंबर और संबंधित अधिकारी का संपर्क नंबर प्राप्त कर सकते हैं। फोन या व्यक्तिगत संपर्क से समस्या का समाधान कराया जा सकता है। यदि क्षेत्र का बीएलओ उपलब्ध न हो या सहयोग न करे, तो मतदाता सीधे जिला निर्वाचन अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में मतदाताओं की शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि लोकतंत्र की मजबूती हर नागरिक की जागरूकता और मतदाता सूची में नाम के सुरक्षित होने पर निर्भर करती है। इसलिए सभी मतदाता बिना देरी किए अपने विवरण सत्यापित करें और निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी करें।