अंबेडकरनगर। जिले के लगभग 3 हजार स्थानों पर रविवार देर शाम विधिविधान से होलिका दहन होगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उधर, सोमवार को मनाए जाने वाले रंगों के पर्व होली को लेकर उल्लास शनिवार को ही चहुंओर दिखा। बाजारों में जगह-जगह सजी रंगों व पिचकारियों की दुकानों पर पूरे दिन खरीदारी का दौर चला। पर्व के उल्लास में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए, इसके लिए सुबह से ही लोगों का बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक चलता रहा। इस बीच पर्व को देखते हुए एक तरफ जहां जिला अस्पताल में विशेष व्यवस्था की गई है, वहीं पर्व को शांतिपूर्वक निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किए हैं।
रंगों के पर्व होली का रंग शनिवार को ही जनपदवासियों पर चढ़ने लगा। पूरे दिन जिले की छोटी-बड़ी बाजारों में सुबह से खरीदारी का दौर शुरू हो गया, जो देर शाम तक चलता रहा। लोगों ने जगह-जगह रंग-बिरंगी पिचकारियों व हर्बल रंगों, अबीर गुलाल की बाजारों में खरीदारी की। यह दौर शनिवार को पूरे दिन चला। इस बार हर्बल रंगों की मांग जहां अधिक है, वहीं कॉर्टून वाली पिचकारियां भी धड़ल्ले से बिक रही हैं। दिनभर बाजारों में चहल-पहल बढ़ने से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे। शहजादपुर के रंग विक्रेता अनूप कुमार व सुरेश ने कहा कि हर्बल रंगों की बिक्री अधिक है।
उधर, पर्व को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां पूरी कर लीं। सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि होली पर्व के दिन वैसे तो इमरजेंसी में चिकित्सकों की तैनाती रहेगी, लेकिन जरूरत पड़ने पर डॉ. विजय तिवारी, डॉ. ज्ञानप्रकाश, डॉ. पंकज, डॉ. एसके वर्मा को आकस्मिक बुलाया जा सकेगा। उन्हें पर्व के दिन तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। बताया कि पर्व के दिन यदि कोई अप्रिय घटना होती हे, तो उससे निपटने के लिए जिला अस्पताल पूरी तरह तैयार है।
24 घंटे मिलेगा बिजली व पानी
अधिशाषी अभियंता विद्युत वीके पटेल ने बताया कि होली पर्व के दिन 24 घंटा बिजली उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए सभी जरूरी दिशा निर्देश जिम्मेदारों को दिया गया है। कहा कि पर्व के दिन अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। यदि कहीं कोई गड़बड़ी होती है, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दूर कराया जाएगा। उधर, अकबरपुर नगर पालिका परिषद चेयरमैन सरिता गुप्ता के प्रतिनिधि मनोज गुप्ता ने बताया कि पर्व के दिन 24 घंटे जलापूर्ति की जाएगी। इसके लिए सभी पानी टंकी पर तैनात कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिया गया है।
हर्बल रंगों का ही करें प्रयोग
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके वर्मा ने आमजन से आह्वान किया कि वे केमिकल रंगों के स्थान पर हर्बल रंगों का ही प्रयोग करें। केमिकल रंग त्वचा को नुकसान पहुंचाते हैं। त्वचा को किसी भी प्रकार के नुकसान से बचाने के लिए रंग खेलने से पहले शरीर पर सरसों का तेल जरूर लगाएं। बालों को रंग से बचाने के लिए उन्हें ढककर रखें। यदि रंग खेलने के दौरान त्वचा में किसी भी प्रकार की जलन होती है, तो तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज ने कहा कि रंग खेलने के दौरान चश्मे का प्रयोग करें। अबीर गुलाल लगाते समय आंखों को जरूर बचाएं। यदि रंग आंख में चला जाता है, तो उसे रगड़े नहीं, बल्कि भीगे कपड़े से साफ करें या फिर पानी की छीटें मारें। इस पर भी यदि आराम नहीं मिलता है, तो तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।
सुरक्षा के रहेंगे कड़े प्रबंध
होली पर्व को सकुशल व शांतिपूर्वक निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। जिला मुख्यालय पर पुराने तहसील तिराहा, शहजादपुर चौक, अकबरपुर अयोध्या मार्ग, दोस्तपुर चौराहा, पहितीपुर चौराहा, बस स्टेशन, पटेलनगर पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। उधर, एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पर्व को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सभी सीओ व थानाध्यक्ष को इस संबंध में कड़े दिशा निर्देश दिए गए हैं। निर्देशित किया गया है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध नजर आए, तो उससे कड़ी पूछताछ की जाए। पर्व में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों से सख्ती से निपटा जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
होलिका दहन का मुहूर्त
खानूपुर निवासी पंडित अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि रविवार को 1.35 बजे भद्रा नक्षत्र समाप्त हो जाएगा। मध्यरात्रि 12.40 बजे तक पूर्णिमा रहेगी। ऐसे में सूर्यास्त 6.05 बजे से लेकर 12.40 बजे के बीच होलिका दहन किया जा सकेगा।
सावधानी से मनाएं होली
रंगों का पर्व होली खुशियों का त्योहार है। मौजूदा समय में कोरोना का प्रकोप बढ़ रहा है। ऐसे में पर्व मनाने के दौरान कोविड-19 को लेकर जो गाइड लाइन जारी की गई है, उसका पूरी तरह पालन करें। कोई ऐसा कार्य न करें, जिससे पर्व की खुशियों के उल्लास में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न हो। लोग सावधानी से होली का पर्व मनाएं।
- सैमुअल पॉल एन, जिलाधिकारी
मिलजुलकर मनाएं पर्व
असत्य पर सत्य की जीत के रूप में मनाए जाने वाले होली पर्व को आपस में मिलजुल कर मनाएं। यदि कहीं कोई संदिग्ध नजर आए, तो इसकी जानकारी तत्काल जिम्मेदारों को दें। यदि किसी ने पर्व की खुशियों में बाधा पहुंचाने की कोशिश की या फिर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया, तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।
-आलोक प्रियदर्शी, एसपी
भाईचारे को बनाएं मजबूत
होली आपसी सौहार्द व भाईचारे को मजबूत करने वाला पर्व है। ऐसे में सभी को चाहिए कि वे आपस में मिलजुलकर पर्व मनाएं। कोई ऐसा कार्य न करें, जिससे पर्व की खुशियों में बाधा उत्पन्न हो। पर्व के दौरान कोरोना संक्रमण को जरूर ध्यान में रखें। पर्व के संबंध में शासन द्वारा जो दिशा निर्देश जारी किया गया है, उसका पूरी तरह पालन करें।
-घनश्याम मीणा, सीडीओ
पर्व के दौरान न करेें हुड़दंग
रंगों के पर्व होली खेलने के दौरान हर्बल रंगों का ही प्रयोग करें। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार का हुड़दंग न करें। अबीर गुलाल लगाते समय इस बात पर जरूर ध्यान दें कि वह आंख में न पड़ने पाए। पर्व के दिन सिर्फ रंगों का ही प्रयोग करें। ग्रीस, कीचड़, गोबर का प्रयोग कतई न करें।
- सरिता गुप्ता, चेयरमैन अकबरपुर नगर पालिका परिषद