बसखारी (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र के अशरफपुर किछौछा में शनिवार को बसखारी पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने हिस्ट्रीशीटर के लगभग 15 लाख रुपये के एक मकान को कुर्क कर लिया। हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम व गैंगस्टर समेत कुल पांच आपराधिक मुकदमे पंजीकृत हैं।
एसओ श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि अशरफपुर किछौछा निवासी अजमेरी का नाम जिले के टॉपटेन अपराधियों की सूची में शामिल है। उसके विरुद्ध कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अजमेरी का खौफ क्षेत्र में इतना था कि कोई भी व्यक्ति उसके खिलाफ गवाही देने के लिए नहीं तैयार हो रहा था।
अजमेरी आपराधिक कृत्य से अवैध संपत्ति अर्जित कर रहा था। बीते दिनों उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की थी। इसके चलते ही अब अशरफपुर किछौछा में स्थित उसके घर को कुर्क किया गया है। उसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार टांडा बंसराज भी मौजूद रहे। कुर्की से पहले पुलिस ने मोहल्ले में इसकी मुनादी भी करवाई।