विभिन्न मार्ग दुर्घटनाओं में दो वृद्ध समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से एक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। बाइक सवार घायलों ने हेल्मेट नहीं पहना था।
थाना क्षेत्र अहिरौली अंतर्गत खेमापुर निवासिनी शांति देवी (65) पत्नी मनीराम सोमवार सुबह घर के निकट सड़क पार करते समय तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गईं। उसे पहले सीएचसी कटेहरी फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
वहीं, आलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मजगवां गांव निवासी जितेंद्र (24) पुत्र विजय बहादुर रविवार देर शाम बाइक से आलापुर से घर जाते समय गांव के निकट तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे पहले सीएचसी रामनगर फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शमशुद्दीनपुर गांव निवासी रामअरज (60) पुत्र ढेलई रविवार देर शाम घर के निकट सड़क पार करने के दौरान किसा तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे पहले सीएचसी कटेहरी फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इसी थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव निवासी इंद्रेश (30) पुत्र रामजनम व रोहन (22) पुत्र रामनयन रविवार देर शाम एक ही बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय गांव के निकट तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेल्मेट नहीं लगा रखा था।