अंबेडकरनगर। जिले में डायरिया का प्रकोप थम नहीं रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में पिता-पुत्र समेत पांच लोग डायरिया की चपेट में आ गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत मिर्जापुर निवासी संतराम (65) पुत्र मंगरू की तबियत शनिवार रात बिगड़ गई। उसे उल्टी-दस्त होने लगा। घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इसी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत राजेपुर धवां निवासी इंद्रजीत (65) पुत्र हरिपाल व उसका 37 वर्षीय पुत्र सुजीत शनिवार देर शाम डायरिया के शिकार हो गए। रविवार सुबह दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टड़वा गांव निवासी ओमप्रकाश के आठ वर्षीय पुत्र को घरवालों ने डायरिया होने पर रविवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, सम्मनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्कीबाजार निवासी अरविंद (28) पुत्र गोविंद शनिवार रात डायरिया की चपेट में आ गया। घरवालों ने रविवार सुबह उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।