सभी नौ विकास खंड में चल रहा जागरूकता अभियान
रेड जोन में चिंहित चार ब्लाॅक क्षेत्र में हो रहा एंटी लार्वा का छिड़काव
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। डेंगू से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। वैसे तो सभी नौ विकास खंड में जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है तो वहीं विगत वर्ष विकास खंड टांडा, जलालपुर, बसखारी व अकबरपुर में डेंगू के अधिक मरीज पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग का विशेष जोर संबंधित ब्लाॅक के क्षेत्रों पर है। न सिर्फ यहां जागरूकता अभियान तेज कर दिया है बल्कि एंटी लार्वा का भी छिड़काव भी किया जा रहा है।
बदले हुए मौसम के बीच संचारी रोगों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। इसमें विशेषकर डेंगू से निपटने को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी गंभीरता के साथ काम कर रहा है। मालूम हो कि विगत वर्ष इस मौसम में जिले में डेंगू के 409 मरीज सामने आए थे। इसमें विकास खंड अकबरपुर में 76, बसखारी में 25, जलालपुर में 41, भीटी में 26, भियांव सात, जहांगीरगंज में चार, कटेहरी में 25, रामनगर में 11 व टांडा में 194 शामिल रहे।
ऐसे में टांडा, जलालपुर, बसखारी व अकबरपुर विकास खंड में डेंगू के अधिक मरीज सामने पर स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित विकास खंड को रेड जोन में शामिल कर दिया था। अब जबकि एक बार फिर से मौसम में आए बदलाव से डेंगू के फैलने की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने अभी से ठोस कदम उठाना शुरू कर दिया है।
मलेरिया कार्यालय के अनुसार वैसे तो सभी विकास खंड क्षेत्र में इसे लेकर विशेष जागरूकता अभियान चल रहा है लेकिन विगत वर्ष के रेड जोन में शामिल चारों विकास खंड में जागरूकता अभियान के साथ साथ एंटी लार्वा का छिड़काव भी शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही लोगों से अपील की जा रही है कि साफ सफाई को लेकर वे पूरी तरह से जागरूक हों।
घर के अंदर व बाहर कहीं भी गंदा पानी न एकत्र होने दें। निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा करकट डालें। जागरूकता के आधार पर ही डेंगू जैसे रोग पर अंकुश पाया जा सकता है। उधर जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. नवनिधि मिश्रा ने बताया कि सभी विकास खंड क्षेत्र में डेंगू से बचाव के लिए विशेष अभियान चल रहा करना होगा। है। आम लोगों को भी इसमें स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करना चाहिए।