अंबेडकरनगर। जहांगीरगगंज के बिड़हर पुलिस चौकी के निकट कपड़ा व्यापारियों से हुई 18.40 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है। इस घटना का मुख्य सरगना आजमगढ़ जिले का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पांच आपराधिक मामले पूर्व से दर्ज हैं। टीमों ने आजमगढ़ में डेरा डाल रखा है और जल्द खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।
रविवार की रात अंबेडकरनगर पुलिस और स्वाट टीम ने आजमगढ़ स्थित मास्टरमाइंड के पांच संभावित ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि, इस पुलिस के हाथ कोई भी महत्वपूर्ण सुराग नहीं लगा। पुलिस मास्टरमाइंड के अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है, जिनके इस वारदात में शामिल होने की आशंका है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने अपना दायरा और बढ़ाया है। पूर्व में हुई लूट की घटनाओं में शामिल रहे बदमाशों के घरों तक पुलिस दस्तक दे रही है और उनसे पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस ने इस वारदात में शामिल दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
इस तरह व्यापारियों से हुई थी लूट
जहांगीरगंज के नेवारी दूराजपुर निवासी मोहम्मद रईस और हंसवर के मोहम्मद जलाल बिहार से व्यापार से संबंधित बकाया धनराशि लेकर 11 अप्रैल को लौट रहे थे। खलीलाबाद रेलवे स्टेशन से बाइक से आते समय सुबह करीब आठ बजे बिड़हर घाट पुल के पास एक कार ने उनका पीछा किया और बिडहर चौकी से पहले ओवरटेक कर रोक लिया था। कार से उतरे बदमाशों ने रईस पर पिस्टल की बट से हमला कर रुपये से भरे दो बैग छीन लिए। रईस के बैग से 14.50 लाख रुपये और मोहम्मद जलाल के बैग से 3.90 लाख रुपये लूटकर असलहा लहराते हुए भाग निकले थे।
जल्द होगी खुलासा
पुलिस की अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
- प्राची सिंह, एसपी