अंबेडकरनगर में मांझा कम्हरिया क्षेत्र में इस तरह से सरयू नदी में हो रहा कटान।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। सरयू नदी ने आलापुर तहसील क्षेत्र में कटान शुरू कर दी है। इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने एसडीएम से कटान से बचाव की व्यवस्था कराने की मांग की है।
बाढ़ग्रस्त क्षेत्र माझा कम्हरिया व आराजी देवारा के लोगों ने एसडीएम आलापुर से मिलकर कटान की समस्या से अवगत कराया। ग्रामीण संतोष यादव ने बताया कि इस बार जिस तरह बरसात के शुरुआती दौर में कटान होने लगी है, इससे आने वाले समय में स्थिति ज्यादा बिगड़ने की आशंका है। यदि कटान बढ़ता रहा तो सैकड़ों बीघा भूमि नदी में समाहित हो जाएगी। इससे किसानों को काफी नुकसान पहुंचेगा।
स्थानीय धर्मेंद्र, सतिराम व रमेशचंद्र आदि ने बताया कि कम्हरिया घाट पर पुल बनने से नदी का रुख इस बार बदल रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से समय रहते जरूरी प्रबंध किए जाने की मांग की है।
तय होगी जरूरी व्यवस्था
एसडीएम रोशनी यादव ने बताया कि बाढ़ग्रस्त इलाके पर प्रशासन की नजर है। कटान शुरू होने की जानकारी ग्रामीणों के माध्यम से मिली है। इसके लिए सिंचाई विभाग की टीम को भेजकर कटान रोकने के लिए जरूरी प्रबंध कराया जाएगा। जरूरत पड़ी तो ठोकर भी बनवाया जाएगा।