अंबेडकरनगर। भाजपा जिला कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार को जिला कार्यालय अटल भवन में हुई। बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव 2022 को लक्ष्य मानकर जनता के बीच में कार्य करने का संदेश दिया गया। मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री/ प्रदेश सह प्रभारी सत्या कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से सशक्त व समृद्घिशाली बन रहा है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अभिन्न्न भारत के सपने को साकार करने के लिए तेजी सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत की भौगोलिक स्थिति को साकार रूप देते हुए धारा 370 को हटाने का सरकार फैसला एतिहासिक रहा है। यह न सिर्फ भाजपा सरकार के लिए बल्कि समूचे देश के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।
अयोध्या में भगवान राम की जन्मस्थली पर भव्य मंदिर निर्माण के मार्ग को प्रशस्त करने में मोदी सरकार ने भरपूर सहयोग किया। इसके लिए भाजपा सरकार का जितना भी आभार व्यक्त किया जाए, वह कम है। कहा कि मुस्लिम समाज की महिलाओं के लिए अभिशाप बन चुके तीन तलाक के कानून को समाप्त करने का साहस और कठिन निर्णय का भी श्रेय भाजपा की केंद्र सरकार को ही जाता है। इतिहास गवाह है कि भारत की आजादी से लेकर आज तक किसान, लघु व्यवसायी, शोषित वर्ग, पटरी दुकानदारों, वंचितों के लिए अनेक प्रकार के कार्यक्रमों और योजनाओं को ईमानदारी से लागू करने सहित फ्री गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, फसल बीमा योजना, स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू करना भाजपा सरकार के लिए अद्वितीय है।
प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी दद्दन मिश्र ने कहा कि कश्मीर में धारा 370 समाप्त कर भाजपा ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार किया है। भाजपा सरकार ने किसान हित में समर्पित हो कर कार्य किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने गरीबों, वचितों और असहायों के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी ने संगठन की ओर से जनपद में चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी। कहा कि अभी से ही संगठन को मजबूती प्रदान करते हुए विधान सभा चुनाव 2022 के लक्ष्य 350 प्लस को प्राप्त करने के लिए जुटना होगा।
इससे पहले जिला कार्यसमिति बैठक का शुभारंभ जिला प्रभारी जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र, जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश व जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामसुन्दर वर्मा ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। मौके पर पूर्व सांसद हरिओम पांडेय, पूर्व मंत्री धर्म राज निषाद, विधायक संजू देवी, विधायक अनीता कमल, जिला महामंत्री अमरेंद्रकांत सिंह, सुरेश कनौजिया, दिलीप पटेल, अलका मिश्रा, त्रयंबक तिवारी व कपिलदेव वर्मा मौजूद रहे।