राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। अग्निपथ योजना के खिलाफ मंगलवार को नौजवान भारत सभा की सिंघल पट्टी में बैठक हुई। इसमें सभा के प्रदेश सदस्य मित्रसेन ने कहा कि हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा करने वाले मोदी सरकार रहे सहे रोजगारों को भी छीनने में लगी हुई है। तमाम विभागों में पक्के रोजगारों को समाप्त करके ठेका, संविदा व अनुबंध आधारित नौकरियों की शुरुआत की जा रही है। अग्निपथ योजना को तत्काल वापस लिया जाए।
मित्रसेन ने कहा कि देश में बेरोजगारी रिकॉर्ड तोड़ स्तर पर है। केवल मोदी सरकार के कार्यकाल में ही करीब पांच करोड़ लोगों के रोजगार छिने हैं। यह जनता के रोजगार के अधिकार पर एक और हमला है। सरकार को अविलंब अग्निपथ योजना को वापस लेना चाहिए।
मांग की कि अग्निपथ योजना को तत्काल रद्द किया जाय। सभी सैनिक व अर्द्धसैनिक बलों तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में ख़ाली क़रीब डेढ़ लाख से अधिक पदों पर तत्काल भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाए। इसमें वे सभी सहूलियतें व अधिकार उन्हें दिये जाएं जो कि अब तक दिये जाते रहे हैं।