यूपी बोर्ड परीक्षा में जिले ने लगाई बड़ी छलांग
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा में जिले ने इस बार बड़ी छलांग लगाई है। हाईस्कूल में पिछली बार प्रदेश में 60वें स्थान पर रहा यह जिला इस बार 28वें पायदान पर है। इसी तरह इंटरमीडिएट में गत वर्ष 30वीं रैंक मिली थी तो इस बार प्रदेश में 9वां स्थान पाने में जिला सफल रहा है।
यूपी बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परिणाम शनिवार को सामने आया तो जिले के लिए बड़ी उपलब्धि हाथ लगी। प्रदेश की मेरिट सूची में जिले ने लंबी छलांग लगाई। इंटरमीडिएट में न सिर्फ जिले ने अयोध्या मंडल मेंं पहला स्थान हासिल किया वरन प्रदेश में नौवें स्थान पर रहा। पिछले वर्ष के 30वें पायदान के मुकाबले यह बड़ी उपलब्धि है। हाईस्कूल में इस बार 28वां स्थान जनपद को मिला जबकि पिछली बार अत्यंत खराब प्रदर्शन करते हुए जिला 60वें स्थान पर था।
इस बीच अब घोषित हुए परिणाम में हाईस्कूल के 90.84 प्रतिशत जबकि इंटरमीडिएट में 88.7 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल रहे। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार हाईस्कूल में कुल 39 हजार 178 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें से 37 हजार 206 ने अलग अलग केंद्रों पर परीक्षा दी। कॉपियों की जांच के बाद अब 33 हजार 725 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। सफलता का कुल प्रतिशत 90.64 रहा है।
इसी प्रकार इंटरमीडिएट में कुल 37 हजार 174 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। 36 हजार 282 छात्र-छात्राएं 116 केंद्र पर परीक्षा में शामिल हुए। इसमें 32 हजार 183 अब पास घोषित किए गए हैं। ऐसे में 88.7 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल रहे। वर्ष 2023 में हाईस्कूल में 41 हजार 838 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। 34 हजार 284 उत्तीर्ण हुए। सफलता का प्रतिशत 87.23 रहा था। इंटरमीडिएट की परीक्षा में 42 हजार 251 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। 78.75 प्रतिशत सफलता के साथ 30 हजार 728 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए थे।