अवसानपुर केवटाही गांव में लगी आग को बुझाते ग्रामीण।
अंबेडकरनगर। संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार दोपहर को अवसानपुर गांव में लगी आग से पांच छप्परनुमा घर व दो पक्के मकान और उनमें रखे सामान जलकर राख हो गए। दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग बुझाई जा सकी। दमकल वाहन के विलंब से आने से लोग आक्रोशित हो उठे। राजस्व कर्मियों ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है।
इब्राहिमपुर के अवसानपुर केवटाही गांव में दोपहर 12 बजे गांव के बीच में स्थित अनिल निषाद के छप्पर से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। जब तक ग्रामीण आग को बुझाने के लिए पानी का प्रबंध करते तब तक आग ने पड़ोसी जोगिंदर, रामनय, जनार्दन और मुन्नालाल के छप्परनुमा घर को अपनी आगोश में ले लिया। ग्रामीण आग पर पानी डालकर उसे बुझाने में जुट गए, लेकिन आग तेजी से फैलती जा रही थी। देखते ही देखते आग ने रामवृक्ष और अनिल के पक्के मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे रामवृक्ष के घर के कपड़े जबकि अनिल के घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
ढाई घंटे बाद दोपहर 2.30 बजे आग को बुझाया जा सका। प्रधान गप्पू यादव समेत अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि फोन करने के बाद भी दमकल वाहन विलंब से पहुंचा। यदि दमकलकर्मी पहले पहुंच जाते तो कई घरों की गृहस्थी जलने से बच जाती। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी एसडीएम टांडा को दी, जिसके बाद पहुंचे स्थानीय राजस्व कर्मियों ने क्षति की रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेज दी है। एसडीएम रेनू ने बताया कि जांच कराकर मदद मुहैया कराई जाएगी।