अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां शुरू हो गयी हैं। इसके प्रथम चरण में बोर्ड के निर्देश पर जिले में इंटर तक संचालित 373 विद्यालयों की जियो टैगिंग की प्रक्रिया को पूरा कराया जाएगा। जियो टैगिंग में किसी भी प्रकार की शिथिलता व लापरवाही रोकने को शासन के निर्देश पर इस बार राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की एक टीम गठित की गयी है जो विद्यालयों में पहुंचकर यह प्रक्रिया पूरी कराएगी। इससे छात्र छात्राओं व अधिकारियों को संबंधित परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नही होगी।
बोर्ड परीक्षा में केंद्रों के निर्धारण से पहले सभी इंटर कालेजों की वास्तविक दूरी का पता लगाने के लिए शासन ने जियो टैगिंग प्रक्रिया को जल्दी पूरा कराने का निर्देश दिया है। जियो टैगिंग की इस प्रक्रिया को संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य पूरा नही करेंगे। पारदर्शिता बरतने को पहली बार यह कार्य डीआईओएस द्वारा नामित चार सदस्यीय सरकारी कालेजों के प्रधानाचार्यों की टीम करेगी। टीम सभी विद्यालय कैंपस में पहुंचकर जियो टैगिंग की प्रक्रिया को पूरा कराएगी। ताकि जियो टैगिंग में विद्यालय की सही लोकेशन और कंट्रोल रूम से विद्यालय की सही दूरी का सही सही पता चल सके। इससे निर्धारित परीक्षा केंद्र की 10 किलोमीटर की दूरी के मानक का अनुपालन पूरी कड़ाई से हो सकेगा।
प्रभारी डीआईओएस आनंदकर पांडेय ने बताया कि शासन के निर्देश पर विद्यालयों की जियो टैगिंग का कार्य कराया जाएगा। इसके लिए कमेटी गठन की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद कमेटी के सदस्यों को आवश्यक जानकारी व विद्यालयों की सूची मुहैया करा दी जाएगी।