अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि घर में सो रही युवती को चार युवक मुंह दबाकर उठा ले गए। इसके बाद वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में युवती किसी तरह अपने घर पहुंची और घटना की जानकारी परिवारीजनों को दी। शुक्रवार को युवती मां के साथ अकबरपुर कोतवाली पहुंची। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर युवती को मेडिकल के लिए भेज दिया है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में युवती गुरुवार की रात अपने घर में सो रही थी। इसी बीच चार युवक वहां पहुंचे और उसका मुंह दबा लिया। इसके बाद उसे उठाकर घर से कुछ दूर लेकर चले गए। वहां जान से मार डालने की धमकी देते हुए उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। शुक्रवार को सुबह युवती अपनी मां के साथ अकबरपुर कोतवाली पहुंची और मामले की तहरीर दी।
आरोप लगाया कि घाघूपुर निवासी अर्जुन, रवि, सवेंद्र व भगवत प्रसाद रात करीब साढ़े 10 बजे उसे जबरन घर से मुंह दबाकर उठा ले गए। इसके बाद वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। तहरीर मिलने के बाद कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी गांव पहुंचे और जांच पड़ताल की। कोतवाल ने बताया कि युवती को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में सभी चारों आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।