अंबेडकरनगर। बसखारी के मदरसा अशरफुल मदारिस से जुड़े बैंक खाते और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
बसखारी निवासी अबुल कलाम खान ने प्रार्थना पत्र में बताया कि वह मदरसा अशरफुल मदारिस एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक सदस्य, प्रबंधक और आजीवन सदस्य हैं। मिल्लतनगर मोहल्ले में संचालित यह सोसाइटी वर्ष 2007 में पंजीकृत है। वर्ष 2011 में आजमगढ़ जिले के अतरौलिया के पूरब मोहल्ला निवासी सईद अहमद को शिक्षक के रूप में रखा गया था।
आजमगढ़ जिले के फूलपुर के कौड़िया निवासी गुफरान अहमद को भी शामिल किया गया। दोनों ने मिलकर साजिश के तहत मदरसे पर कब्जा करने और धन हड़पने की योजना बनाई। आरोपियों ने फर्जी और झूठे दस्तावेज तैयार कर पंजाब नेशनल बैंक बसखारी शाखा में मदरसा अशरफुल मदारिस के नाम से खाता खुलवाया।
मदरसा के नियमों के अनुसार खाता संचालन और धन प्रबंधन का अधिकार केवल प्रबंध समिति के पास है। इसके बावजूद दोनों ने मदरसे के नाम पर धन एकत्र कर जमीन का कारोबार किया और लाखों रुपये का गबन किया। 26 दिसंबर 2025 को खाते के लेन-देन पर सवाल करने और हिसाब मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।