अंबेडकरनगर। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद जिले के 1591 परिषदीय स्कूलों में आज से पठन-पाठन शुरू हो जाएगा। पहले दिन विद्यालयों में पहुंचने वाले बच्चों का पारंपरिक अंदाज में रोली-चंदन से तिलक लगाकर और स्वादिष्ट मिड-डे मील के साथ स्वागत किया जाएगा। शिक्षकों द्वारा बच्चों के मन में पढ़ाई के प्रति उत्साह और जुड़ाव पैदा करने की कोशिश की जाएगी।
बच्चों का नामांकन कराने के लिए 15 दिनाें का दूसरे चरण का विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियाें और प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। इस दौरान शिक्षक मोहल्लों में जाकर अभिभावकों से संवाद करेंगे और अधिक से अधिक बच्चों को स्कूल से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
अभियान को सफल बनाने के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाचार्यों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी स्कूलों को पहले ही निर्देशित किया गया है कि वे बच्चों के स्वागत को प्रेरणादायक और आत्मीय बनाएं। मध्याह्न भोजन के दौरान खीर, हलवा व अन्य भोजन दिया जाएगा। विद्यालयों की साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं। जो पंजीकृत बच्चे स्कूल नहीं आते हैं, उनके घरों पर संपर्क कर स्कूल बुलवाया जाएगा। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में भी कार्यक्रमों का आयोजन होगा। प्रभारी बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि सभी प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
-
सिर्फ नाम का आदेश, झाड़ियां तक नहीं साफ करा पाए जिम्मेदार
अंबेडकरनगर। तमाम दिशा निर्देशों के बावजूद परिषदीय विद्यालयों में अव्यवस्थाएं भारी हैं। बड़ी संख्या में परिषदीय विद्यालयों में घास और झाड़ियां तक साफ नहीं की जा सकी हैं। जंगली घास की लताएं स्कूल भवन पर चढ़ गई हैं। सोमवार को विद्यालयों में तैयारियों की पड़ताल कराई गई तो व्यवस्थाओं की पोल खुल गई।
बाउंड्रीवॉल नहीं, कीड़े-मकोड़ों का खतरा
प्राथमिक विद्यालय तिलकारपुर बसखारी में बाउंड्रीवॉल का निर्माण नहीं कराया गया है। कायाकल्प योजना के तहत करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी विद्यालयों की दशा में अभी तक सुधार नहीं हो सका है। इस विद्यालय के पूरे परिसर को चारों तरफ से झाड़ियों ने घेर रखा है। बारिश शुरू हो गई है, ऐसे में जहरीले जीव जंतुओं के स्कूल में घुसने का खतरा बना है। हालांकि यहां एक मजदूर परिसर में उगी घास छीलने में जुटा नजर आया।
परिसर में चारों तरफ फैली गंदगी
अंग्रेजी माध्यम उच्च प्राथमिक विद्यालय जलालपुर परिसर में दाखिल होते ही चारों तरफ गंदगी फैली नजर आई। कक्ष के सामने परिसर में बड़ी-बड़ी झाडियां उगी थीं। लताओं ने लोहे के दरवाजे को चपेट में ले रखा है। अधिकारियों को विद्यालयों की सफाई के साथ रंगाई पोताई के आदेश पूर्व में दिए गए हैं। इसके बाद भी इसका अनुपालन इस विद्यालय में कहीं नजर नहीं आ रहा है।