शुक्रवार को बार काउंसिल के चुनाव के कारण सड़क पर पंडाल लगने से जाम में परेशान वाहन चालक।
अंबेडकरनगर। जनपद न्यायालय परिसर में चल रहे उत्तर प्रदेश बार काैंसिल के चुनाव के चलते शुक्रवार को जिलेभर के अधिवक्ता मतदान करने पहुंचे तो कलेक्ट्रेट और उसके आसपास जाम लग गया।
इसमें एंबुलेंस से लेकर अफसरों की गाड़ियां फंस गईं। यातायात से लेकर पुलिस जाम छुड़ाने का प्रयास करते रहे, लेकिन दोपहर बाद तक हालात जस के तस बने रहे। शहर में कलेक्ट्रेट, दीवानी, विकास भवन, सीएमओ कार्यालय व जिला अस्पताल जाने के लिए टांडा-अकबरपुर और बसखारी मार्ग से रास्ता है। शुक्रवार को बार काैंसिल के लिए हो रहे मतदान के कारण दीवानी न्यायालय परिसर के मुख्य गेट के बाहर प्रत्याशियों की ओर से पंडाल लगवाए गए थे। ऐसे में सुबह से ही जाम लगना शुरू हो गया।
दोनों मार्गों पर पूरा दिन कभी एंबुलेंस तो कभी अफसरों के वाहन फंसे रहे। सीएमओ कार्यालय में तैनात एसीएमओ, जिला प्रोबेशन अधिकारी, डीएसटीओ समेत कई अफसरों को वाहन छोड़कर पैदल ही कार्यालय पहुंचना पड़ा। टीएसआई जेबी यादव व अन्य पुलिस कर्मियों ने दोपहर करीब 12 बजे से सख्ती दिखानी शुरू की, लेकिन इसके बाद भी रुक-रुककर जाम लगता रहा।