अंबेडकरनगर। सब्जी विक्रेता से डेढ़ लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में न्याय की गुहार लगाई है।
मामला अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत सिझौली का है। गांव निवासी रामतिलक ने पत्र में बताया कि वह सिझौली स्थित मंडी में सब्जी बेचने का काम करता है। बीते जुलाई माह में पहचान के दो युवक उसके पास पहुंचे और उसे 30 सिक्के चांदी क देते ेहुए बदले में 70 हजार रुपये की मांग की। सिक्का देने वाले युवक ने बताया कि उसकी पत्नी की तबीयत ज्यादा खराब है। इलाज के लिए पैसे की सख्त जरूरत है। ठगों ने भरोसा दिलाया कि कुछ दिन वे राशि अदा कर सिक्के ले लेंगे। ठगों की बातों में आकर वह 70 हजार रुपये दे दियए। इतना ही नहीं कुछ दिन बाद दोनों युवक फिर से दुकान पर पहुंचे इस बार सोने की कील व चूड़ी देकर बदले में 80 हजार रुपये ले लिए।
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब युवक वादे के मुताबिक पैसा देकर सामान नहीं ले गए तो पीड़ित उनके घर पहुंचा और पैसा की मांग की। साथ यह भी कहा कि यदि पैसा नहीं मिला तो वह सामान को बेच देगा। तमाम प्रयास के बावजूद जब पैसा नहीं मिला तो वह गत दिवस सुनार की दुकान पर पहुंचा और ठगों द्वारा दिए आभूषण दिखाए। जांच के बाद सभी आभूषण फर्जी निकले। वह आननफानन में फिर से आरोपी के घर पहुंचा, लेकिन पैसा नहीं दिया गया। इस बीच पीड़ित ने एसपी के समक्ष होकर घटना क्रम से अवगत कराया और केस दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की।