अंबेडकरनगर। जिले में तीन माह तक चले सत्यापन अभियान में वृद्धावस्था पेंशन का लाभ लेने वाले चार हजार से अधिक लाभार्थी ऐसे मिले, जिनका बीते दिनों निधन हो चुका है। ऐसे में अब ऐसे लाभार्थियों के नाम सूची से हटाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।
सरकार की तरफ से पात्र वृद्धों को वृद्धावस्था पेंशन दी जा रही है। एक हजार रुपये प्रति महीने दी जाने वाली राशि तीन-तीन माह पर दी जाती है। जिले में एक लाख 30 हजार 654 वृद्धों को वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है। प्रत्येक वर्ष नए वित्तीय वर्ष में वृद्धा पेंशन का लाभ लेने वालों का सत्यापन किया जाता है।
इस दौरान जिनका निधन होता है, उनका नाम सूची से हटा दिया जाता है। इसी क्रम में अप्रैल से सभी नौ ब्लॉकों में एडीओ पंचायत और सचिवों की ओर से अपने-अपने क्षेत्र में सत्यापन अभियान जिला प्रशासन के निर्देश पर चलाया गया। जून के अंतिम सप्ताह तक चले सत्यापन अभियान में चार हजार 57 पेंशनधारक ऐसे मिले, जिनका निधन हो चुका है।
समाज कल्याण अधिकारी आरके चौरसिया ने बताया कि जिन पेंशनधारकों का निधन हो चुका है, उनका नाम अब पेंशन सूची से बाहर किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया प्रारंभ भी कर दी गई है। इसके अलावा यह भी देखा जा रहा है कि कोई ऐसा पेंशनर्स तो नहीं है, जिनके खाते में निधन होने के बाद भी पेंशन की राशि गई है। यदि ऐसा कोई मिला तो संबंधित बैंक के माध्यम से राशि को वापस लिया जाएगा।