अंबेडकरनगर। पक्के आवास में रहने का सपना देख रहे जिले के 1037 पात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शीघ्र ही प्रधानमंत्री शहरी आवासीय योजना के तहत 622 पात्रों के खाते में प्रथम किस्त के रूप में 50 हजार रुपये की दर से तीन करोड़ 11 लाख रुपये भेजे जाएंगे। इससे उनके आवास के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। इसके साथ ही 415 लाभार्थियों के खाते में दूसरी किस्त के रूप में डेढ़ लाख रुपये की दर से छह करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये भेजे जाएंगे। ऐसे में इन पात्रों के खाते में प्रथम व द्वितीय किस्त के रूप में नौ करोड़ 33 लाख 50 हजार रुपये भेजे जाएंगे। इसके लिए जरूरी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
छप्परनुमा व कच्चे घर में रह रहे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों का पक्के आवास में रहने का सपना पूरा करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से जहां प्रधानमंत्री शहरी व ग्रामीण आवासीय योजना का संचालन किया जा रहा है, तो वहीं प्रदेश सरकार की ओर से भी मुख्यमंत्री आवासीय योजना संचालित है। प्रधानमंत्री शहरी आवासीय योजना का लाभ लेने के लिए जिले के 16 हजार 136 लोगों ने आवेदन किया था।
सत्यापन के बाद 2,446 आवेदक अपात्र पाए गए। ऐसे में 13,690 पात्र मिले। इसकी तुलना में 13 हजार तीन पात्रों को प्रथम किस्त, इनमें 12 हजार 35 को द्वितीय किस्त तथा नौ हजार 10 पात्रों को तृतीय किस्त पूर्व में राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। योजना के तहत कुल ढाई लाख रुपये पात्रों को तीन किस्तों में दिए जाते हैं। इसमें प्रथम किस्त के रूप में 50 हजार, द्वितीय किस्त में डेढ़ लाख व तृतीय किस्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए जाते हैं।
इस बीच योजना के लाभ से वंचित 687 पात्रों की तुलना में 622 पात्रों का पक्के आवास में रहने का सपना पूरा होने जा रहा है। शीघ्र ही उनके खाते में प्रथम किस्त के रूप में 50 हजार रुपये की दर से तीन करोड़ 11 लाख रुपये खाते में भेज दिए जाएंगे। ऐसे में संबंधित पात्रों के पक्के आवास के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। इसके अलावा लंबे समय से द्वितीय किस्त का इंतजार कर रहे 415 पात्रों का भी इंतजार अब समाप्त हुआ। उनके खाते में भी द्वितीय किस्त के रूप में डेढ़ लाख रुपये की दर से छह करोड़ 11 लाख 50 हजार रुपये भेज दिए जाएंगे।
शेष पात्रों को भी मिलेगा लाभ
जिले में 65 पात्र ऐसे हैं, जिन्हें अब तक प्रधानमंत्री शहरी आवासीय योजना का लाभ नहीं मिल सका है। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। शीघ्र ही उनके खाते में भी प्रथम किस्त की राशि पहुंच जाएगी।
पवन कुमार जायसवाल, एसडीएम सदर/प्रभारी अधिकारी डूडा